Publish Date: Sun, 15 Jan 2023 (14:25 IST)
Updated Date: Sun, 15 Jan 2023 (14:33 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। देश की जनता ने पिछले 2 बार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है। 2024 में भी जनता मोदी जी को दायित्व देगी इसमें कोई संदेह नहीं है।
नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन के बयान पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि लोकतंत्र में विचार देने के लिए किसी पर रोक नहीं है। देश में PM पद की कोई वैकेंसी नहीं है। जनता ने पिछले 2 कार्यकाल से PM मोदी पर भरोसा जताया है। 2024 के चुनाव में भी NDA को जीत होगी।
उल्लेखनीय है कि नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अमर्त्य सेन ने कहा था कि यह सोचना भूल होगी कि 2024 का लोकसभा चुनाव एकतरफा तरीके से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में होगा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी में भारत का अगला प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। आगामी आम चुनाव में क्षेत्रीय दलों की भूमिका साफतौर पर महत्वपूर्ण होगी।
सेन ने 2024 का लोकसभा चुनाव जीतने की कांग्रेस की क्षमता पर संदेह जताया। उन्हें लगता है कि कांग्रेस कमजोर हो गई है। हालांकि उन्होंने कहा कि वह इकलौती पार्टी है, जो अखिल भारतीय दृष्टिकोण दे सकती है।
उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि कांग्रेस काफी कमजोर हो गई है और मुझे नहीं पता कि कोई कांग्रेस पर कितना निर्भर रह सकता है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस निश्चित तौर पर अखिल भारतीय दृष्टिकोण देती है, जो कोई दूसरी पार्टी नहीं कर सकती। लेकिन कांग्रेस के भीतर विभाजन है।
Edited by : Nrapendra Gupta