Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

हिमाचल में बर्फबारी, कश्मीर में हिमस्खलन, IMD ने जारी किया शीतलहर का अलर्ट

हमें फॉलो करें हिमाचल में बर्फबारी, कश्मीर में हिमस्खलन, IMD ने जारी किया शीतलहर का अलर्ट
, रविवार, 15 जनवरी 2023 (07:42 IST)
नई दिल्ली। हिमाचल में बर्फबारी, कश्मीर में हिमस्खलन की वजह से मैदानी राज्यों में एक बार फिर ठंड बढ़ गई। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अगले सप्ताह शीतलहर चलने और न्यूनतम तापमान के गिरकर करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
 
आईएमडी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में 16 जनवरी और 18 जनवरी के बीच शीतलहर चलेगी। आयानगर और रिज इलाके में मंगलवार और बुधवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
 
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के परिणामस्वरूप ठंड से राहत मिलने से पहले इस महीने के अधिकांश दिनों में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भारत के बड़े हिस्से में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के पीछे हटने के बाद, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर चलने लगेंगी।

मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे राजस्थान के कुछ और हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति पैदा हो सकती है। कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी शीत लहर की स्थिति देखी जा सकती है।
 
webdunia
पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप : वहीं, पंजाब में शनिवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया और कई जगहों पर पारा और गिर गया है। बठिंडा और अमृतसर कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं और न्यूनतम तापमान शून्य के करीब बना हुआ है। बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री, जबकि अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि गुरदासपुर और मोगा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान क्रमशः 15 डिग्री और 14 डिग्री रहा। लुधियाना में अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। मोहाली में अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
 
हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 15.5 डिग्री, रोहतक में 14.8 डिग्री और भिवानी में 14.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
हिमाचल में बर्फबारी : हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी हुई। मनाली में 23 सेंटीमीटर, खदराला और शिलारो में 16 सेंटीमीटर, कुफरी में 12 सेंटीमीटर, भरमौर में 10 सेंटीमीटर, शिमला और गोंडला में छह सेंटीमीटर, डलहौजी और कल्पा में चार सेंटीमीटर हिमपात हुआ।
 
शिमला के मौसम केंद्र ने अगले चार दिनों तक इस क्षेत्र में शुष्क मौसम की संभावना जताई है और मंगलवार तक निचली पहाड़ियों में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी दी है।
 
बांदीपोरा में हिमस्खलन : इस बीच, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के एक गांव में शनिवार को हिमस्खलन हुआ, लेकिन इसमें जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, एक दिन पहले ही मध्यम से भारी बर्फबारी के बाद बांदीपोरा समेत 12 जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई थी।

राजस्थान में कड़ाके की ठंड : राजस्थान कड़ाके की ठंड की चपेट में है, जहां शुक्रवार रात को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। चूरू में शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे और बीकानेर में 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
 
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से शनिवार से राज्य के अधिकतर इलाकों में एक बार फिर न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी व शीतलहर का दौर शुरू होगा। रविवार से शीतलहर की तीव्रता में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 15 से 17 जनवरी के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर, जोधपुर व भरतपुर संभाग के अधिकतर इलाकों में कहीं शीतलहर तो कहीं तीव्र शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है।
 
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Ganga Sagar Mela : मकर संक्रांति पर गंगासागर पहुंचे लाखों श्रद्धालु, 2 लोगों की मौत