दिल्ली में मना ईद का त्योहार, जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने अदा की नमाज
रमजान महीना संपन्न होने पर मनाया जाता है ईद पर्व
Publish Date: Thu, 11 Apr 2024 (12:42 IST)
Updated Date: Thu, 11 Apr 2024 (12:56 IST)
Eid celebrated in Delhi : राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली (New Delhi) में मुस्लिम समाज के लोगों ने गुरुवार को ईद-उल-फितर (Eid-ul-Fitr) के अवसर पर मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की। ईद-उल-फितर पर्व रमजान (Ramadan) महीना संपन्न होने पर मनाया जाता है। दिल्ली की 17वीं सदी की जामा मस्जिद में सुबह की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और एक-दूसरे के गले मिलकर बधाई दी।
जामा मस्जिद के आसपास के बाजारों में उत्सव जैसा माहौल : चांदनी चौक, मीना बाजार और दरीबा कलां सहित जामा मस्जिद के आसपास के बाजारों में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने त्योहार के लिए जमकर खरीदारी की। जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद स्थानीय निवासी मोहम्मद गुफरान अफरीदी ने कहा कि इस्लाम का संदेश है कि सभी धर्मों के लोगों को प्रेम और स्नेह के साथ रहना चाहिए। यही 'गंगा-जमुनी तहजीब' है। इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है। केरल और लद्दाख में बुधवार को ईद मनाई गई जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह 11 अप्रैल को मनाई जा रही है।
UP में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की : ईद उल फितर के मौके पर गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नगर के पुराने इलाके में ऐशबाग ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने के लिए भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित हुए।
यूपी के डिप्टी सीएम ने दीं शुभ कामनाएं : उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने ईदगाह में मंच साझा किया। इन नेताओं ने लोगों को ईद की बधाई दी। लोगों को एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई देते हुए देखा गया।(भाषा)(फ़ाइल चित्र)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें