Publish Date: Sat, 28 Feb 2026 (16:49 IST)
Updated Date: Sat, 28 Feb 2026 (17:15 IST)
Iran-Israel War News : ईरान पर बड़े हमले के बाद भारतीय दूतावास की तरफ से इसराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। खबरों के अनुसार, भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे बहुत सावधानी बरतें, हर समय चौकन्ना रहें और गैर जरूरी यात्राओं से बचें, साथ ही इसराइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा गाइडलाइंस और निर्देशों का सख्ती से पालन करें। गौरतलब है कि इसराइल के अलग-अलग शहरों में अभी 20 हजार से ज्यादा भारतीय रहते हैं। इसके अलावा भारतीय मूल के लगभग 85000 यहूदी भी रहते हैं।
ईरान पर बड़े हमले के बाद भारतीय दूतावास की तरफ से इसराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे बहुत सावधानी बरतें, हर समय चौकन्ना रहें और गैर जरूरी यात्राओं से बचें, साथ ही इसराइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा गाइडलाइंस और निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
गौरतलब है कि इसराइल के अलग-अलग शहरों में अभी 20 हजार से ज्यादा भारतीय रहते हैं। इसके अलावा भारतीय मूल के लगभग 85000 यहूदी भी रहते हैं। भारतीय दूतावास की तरफ से जारी एडवाइजरी में गया है कि सभी भारतीय नागरिकों को तय शेल्टर के पास रहना चाहिए और अपने रहने या काम करने के इलाके में सबसे पास की सुरक्षित जगहों के बारे में पता होना चाहिए। भारतीय दूतावास ने नागरिकों को जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की अपील की है।
भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर
एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को लोकल न्यूज, ऑफिशियल अनाउंसमेंट और इमरजेंसी अलर्ट लगातार देखते रहने के लिए कहा गया है। किसी भी इमरजेंसी में भारतीय नागरिक 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर +972-54-7520711 और ई-मेल:
[email protected] के जरिए तेल अवीव में भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।
दुनियाभर में एयरलाइंस पर पड़ रहा असर
जंग की स्थिति के बीच कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र को उड़ानों के लिए बंद कर दिया है। इसका असर दुनियाभर की एयरलाइंस पर पड़ रहा है। जंग के बीच एयर इंडिया ने इसराइल हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अपनी दिल्ली-तेल अवीव उड़ान को मुंबई की ओर मोड़ दिया। कंपनी ने कहा कि हम सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी उड़ानों में बदलाव करते रहेंगे।
ईरान के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई
आईडीएफ ने मिसाइल और ड्रोन से हमले की आशंका जताई है। अमेरिका और इसराइल ने मिलकर ईरान के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई जगहों को निशाना बनाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में एक साथ कई जगहों पर राकेट दागे गए हैं। हमले के बाद इसराइल और ईरान दोनों ने अपनी हवाई सीमा बंद कर दी हैं।
इसराइल में आपातकाल घोषित
इसराइल के रक्षामंत्री इजराइल कैट्ज ने देशभर में तत्काल राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। इसराइली वायुसेना ने ईरान में कई टारगेट को निशाने पर लिया है। इसराइल ने दर्जनों सैन्य ठिकानों और कुछ संवेदनशील जगहों को निशाना बनाया। इसराइल ने ईरान पर यह हमला अमेरिकी धमकियों के बीच किया है। जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान पर हमले की धमकी दे रहे थे।
खामेनेई को सुरक्षित जगह शिफ्ट
ईरान के सर्वोच्च नेता (Supreme Leader) आयतुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय पर हमला हुआ है। अमेरिका ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए इसे एक बड़ी कामयाबी बताया है। हमले के बाद ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई को सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया गया है।
ईरान ने पहले ही दी थी चेतावनी
इस बीच ईरान ने भी जवाबी हमले शुरू किए हैं, क्योंकि ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका ने उस पर हमला किया तो वह मिडिल ईस्ट में मौजूद सभी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को श्मशान बना देगा। खाड़ी देशों में कतर, बहरीन, कुवैत, UAE, सऊदी अरब, जॉर्डन, इराक और मिस्र जैसे देशों में अमेरिकी सैन्य अड्डे (Military Bases) मौजूद हैं। अगर ईरान इन ठिकानों पर पलटवार करने में सफल रहा, तो यह क्षेत्रीय संघर्ष एक बड़े 'ग्लोबल वॉर' में बदल सकता है।
Edited By : Chetan Gour