Publish Date: Wed, 30 Jan 2019 (21:37 IST)
Updated Date: Wed, 30 Jan 2019 (21:43 IST)
बेंगलूर। अपने पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ को रवाना करने की तैयारियों में जुटे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यहां बुधवार को अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र की शुरुआत की।
इसरो 2021 के अंत तक ‘गगनयान’ को रवाना करने की तैयारियों में जुटा है। ऐसी संभावना है कि ‘गगनयान’ के जरिए इसरो किसी महिला अंतरिक्षयात्री को भी अंतरिक्ष में भेजेगा।
अंतरिक्ष एजेंसी के मुताबिक, इसरो के लिए 2019 में गगनयान सर्वोच्च प्राथमिकता है और पहला मानवरहित मिशन दिसंबर 2020 एवं दूसरा जुलाई 2021 में पूरा करने की योजना है। यह पूरा हो जाने के बाद मानवयुक्त मिशन दिसंबर 2021 में होगा।
इसरो के अध्यक्ष एवं सचिव के. सिवन की मौजूदगी में एजेंसी के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन ने बेंगलूर में इसरो मुख्यालय परिसर में मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र का उद्घाटन किया। एजेंसी की वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई। (भाषा)