Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री कोझिकोड विमान हादसे में लोगों की मौत से दु:खी

हमें फॉलो करें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री कोझिकोड विमान हादसे में लोगों की मौत से दु:खी
, शनिवार, 8 अगस्त 2020 (01:17 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों तथा अन्य नेताओं ने शुक्रवार शाम को कोझिकोड में एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दु:ख प्रकट किया।
 
कोविंद ने कहा कि कोझिकोड में एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान हादसे के बारे में सुनकर बेहद व्यथित हूं। उन्होंने कहा, 'प्रभावित यात्रियों, चालक दल के सदस्यों और उनके परिजनों के साथ हमारी प्रार्थनाएं हैं।’ राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से बात करके हालात की जानकारी ली है।
 
दुबई से लौट रहा विमान रनवे पर फिसलकर 35 फीट गहरी खाई में गिर गया और दो हिस्सों में टूट गया। मलाप्पुरम के कलेक्टर जी गोपालकृष्णन ने विमान हादसे में 17 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
 
उप राष्ट्रपति के सचिवालय ने वैंकया नायडू के हवाले से कहा, ‘कोझिकोड हवाईअड्डे पर भयावह विमान हादसे में लोगों की जान जाने पर बहुत दु:खी हूं।’ उन्होंने कहा, ‘हादसे में अपने प्रियजनों को गंवाने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
webdunia
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विमान हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि प्रशासन मौके पर है और सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता मुहैया करा रहा है।उन्होंने इस संबंध में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से भी बात की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘कोझिकोड में हुए विमान हादसे से शोकाकुल हूं। मेरी संवेदनाएं अपने प्रियजनों को खोने वालों के साथ हैं। घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।’
 
नागर विमानन मंत्री पुरी ने कहा कि वह विमान हादसे से बहुत दु:खी और व्यथित हैं। उन्होंने बताया कि एअर इंडिया और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के राहत दलों को दिल्ली और मुंबई से तत्काल रवाना किया जा रहा है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘यात्रियों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) हादसे की औपचारिक जांच करेगा।’
 
उन्होंने कहा, ‘एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या एएक्सबी-1344 दुबई से 191 यात्रियों को लेकर कोझिकोड आ रही थी। विमान बारिश के कारण रनवे से फिसल गया और 35 फुट गहराई में गिरकर दो हिस्सों में टूट गया।’
 
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘कोझिकोड में हुए विमान हादसे के बारे में सुनकर व्यथित हूं। मेरी प्रार्थनाएं शोकाकुल परिवारों और घायलों के साथ हैं। हम आगे के विवरण का पता लगा रहे हैं।'
 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना पर दु:ख जताते हुए कहा, ‘दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
 
विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह कोझिकोड विमान हादसे से बहुत दु:खी है और पीड़ितों की सहायता के लिए उसकी 24 घंटे की हेल्पलाइन खुली हुई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने ट्वीट किया, ‘हम कोझिकोड में एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स 1344 के दुर्घटनाग्रस्त होने से बहुत दु:खी हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘विदेश मंत्रालय की हेल्पलाइन 24 घंटे चालू हैं। इनमें 1800 118 797, +91 11 23012113, +91 11 23014104, +91 11 23017905, फैक्स: +91 11 23018158 हैं।’
 
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विमान हादसे पर दु:ख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
 
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘कोझिकोड में विमान दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर स्तब्ध हूं। इस हादसे में मारे गए लोगों के मित्रों एवं परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
 
प्रियंका ने कहा, ‘इस विमान के चालक दल के सदस्यों और यात्रियों तथा उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। इस दु:खद समय में आप लोगों के लिए हमारी प्रार्थना है।’
 
केरल से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, ‘यह विमान दुर्घटना स्तब्ध कर देने वाली है। राहत एवं मदद के लिए सरकार को सभी जरूरी कदम उठाने चाहिए।’ कांग्रेस के संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने कहा कि घायलों को उचित चिकित्सा सेवा मुहैया कराई जाए और मारे गए लोगों के परिजन को वित्तीय सहायता दी जाए।
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरूवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य शशि थरूर ने इस विमान हादसे को केरल के लिए दु:खद दिन करार दिया और उम्मीद जताई कि यात्रियों को बचाने के प्रयास में सफलता मिलेगी। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अल्फोंस के जे ने कहा कि राजामलाई में भूस्खलन के बाद केरल में आज यह दूसरा बड़ा हादस हुआ है।
 
राकांपा अध्यक्ष शरद पवार और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने भी केरल विमान हादसे पर दु:ख जताया। पवार ने ट्वीट किया, ‘कोझिकोड में विमान हादसे की खबर सुनकर दु:खी हूं। जो लोग इसमें मारे गये, उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’ पवार ने भी ट्वीट कर घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
 
महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल और बारामती से राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने भी शोक प्रकट किया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विमान दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए हताहतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी इस हादसे पर दु:ख व्यक्त किया। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

India Coronavirus Update : देशभर में 13.78 लाख लोग हुए कोरोना से मुक्त, 6 लाख से अधिक संक्रमित मामले