Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

हादसों का शहर मुंबई, एक माह में हुए पांच बड़े हादसे

हमें फॉलो करें हादसों का शहर मुंबई, एक माह में हुए पांच बड़े हादसे
मुंबई , मंगलवार, 3 जुलाई 2018 (12:09 IST)
मुंबई। मुंबई में मंगलवार सुबह फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा ढहने से पश्चिम रेलवे की रेल सेवाएं बाधित हो गई। भारी बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी और जगह-जगह सड़कों पर लंबा जाम लग गया। मुंबई के लिए जून माह बेहद खराब रहा। यहां 10 जून से लेकर अब तक पांच बड़े हादसे हो चुके हैं और महानगर को हादसों का शहर कहा जाने लगा है।  
 
ब्रिज गिरा, लोकल ठप : 3 जुलाई को मुंबई के उपनगर अंधेरी में सुबह साढ़े सात बजे ब्रिज के एक हिस्सा ढहने से हड़कंप मच गया। ये ब्रिज अंधेरी ईस्ट को अंधेरी वेस्ट से जोड़ता है। इस हादसे के बाद पश्चिम रेलवे प्रभावित है और ब्रिज के आसपास की ट्रैफ़िक रोक दिया गया है।  
 
चार्टर्ड विमान हादसा : 28 जून को मुंबई के भीड़भाड़ वाले इलाके घाटकोपर में सर्वोदय नगर के निकट एक चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जहां विमान गिरा वहां इमारत में आग भी लग गई। यह विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।  
 
मुंबई के वडाला में इमारत का एक हिस्सा गिरा : मुंबई में वडाला के एनटॉप हिल इलाके में 25 जून को सुबह 4 बजे के लगभग एक परिसर का बड़ा हिस्सा धंस गया। इसके मलबे में कई वाहन दब गए और करीब 15 कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। यह घटना लॉयड एस्टेट बिल्डिंग के सी और डी विंग की है।
 
दक्षिण मुम्बई की इमारत में आग लगी : सेंट्रल प्लाजा सिनेमा के पास कोठारी हाउस में शाम छह बजे लगी आग दूसरी और तीसरी मंजिल के साथ ही तीन मंजिला कोठारी हाउस तक पहुंच गई। इस पर काबू पाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियां भेजी गईं। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति इमारत की तीसरी मंजिल पर बेहोश मिला। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
 
पटरी से उतरी ट्रेन : 10 जून को मुंबई-हावड़ा मुख्य मार्ग पर इगतपुरी के समीप रविवार को तड़के मुंबई-हावड़ा मेल के 3 डिब्बे पटरी से उतर गए जिससे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हादसे की वजह से कई ट्रेनें रद्द करना पड़ीं। 
 
उल्लेखनीय है कि नौ माह पहले भी एलफिन्स्टन रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर 29 सितंबर 2017 को हुई भगदड़ में 23 लोगों की मौत हो गई थी। 

2017 में हुए यह पांच बड़े हादसे : 
18 दिसंबर : अंधेरी ईस्ट इलाके में एक दुकान में भीषण आग लगने से लगभग 10 लोगों की मौत हो गई थी।
29 सितंबर : एलफिन्स्टन रेलवे स्टेशन पर बने फुट ओवर ब्रिज पर ज्यादा भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई, जिससे 23 लोगों की मौत और कई दर्जन घायल हुए थे।
31 अगस्त : भिंडी बाजार में एक 5 मंजिला इमारत गिरने से 33 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल।
25 अगस्त: अंधेरी-सीएसटी हार्बर लोकल ट्रेन के 4 डिब्बे पटरी से उतर गए। इसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
26 जुलाई : घाटकोपर उपनगरीय इलाके में एक जर्जर चार मंजिला इमारत के ढहने से 17 लोगों की मौत हो गई थी।

क्यों हो रहे हैं हादसे : लोग इस बात से भी परेशान है कि मुंबई में लगातार हादसे क्यों हो रहे हैं। कभी बिल्डिंग धंसने की खबर आती है, तो कभी आग से लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती है। कभी रेल हादसा हो जाता है तो कभी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने मुंबई को परेशान कर दिया है। ऐसे में यह सवाल भी उठता है कि क्या मुंबई की जनसंख्या इतनी ज्यादा हो गई है कि प्रशासन से स्थितियां संभल नहीं रही है। 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आंध्र प्रदेश में ऑटो रिक्शा और लॉरी की टक्कर, छह की मौत