Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गडकरी बोले, राजनीति असंतुष्ट आत्माओं का सागर

Advertiesment
हमें फॉलो करें nitin gadkari

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, सोमवार, 2 दिसंबर 2024 (11:54 IST)
Nitin Gadkari on Politics : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ‘जीवन के 50 स्वर्णिम नियम’ नामक पुस्तक विमोचन करते हुए कहा कि राजनीति असंतुष्ट आत्माओं का सागर है, जहां हर व्यक्ति दुखी है और अपने वर्तमान पद से ऊंचे पद की आकांक्षा रखता है।
 
गडकरी ने नागपुर में कहा कि जीवन समझौतों, बाध्यताओं, सीमाओं और विरोधाभासों का खेल है। चाहे व्यक्ति पारिवारिक, सामाजिक, राजनीतिक या कॉरपोरेट जीवन में हो, जीवन चुनौतियों और समस्याओं से भरा है और व्यक्ति को उनका सामना करने के लिए जीवन जीने की कला को समझना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि राजनीति असंतुष्ट आत्माओं का सागर है, जहां हर व्यक्ति दुखी है... जो पार्षद बनता है वह इसलिए दुखी होता है क्योंकि उसे विधायक बनने का मौका नहीं मिला और विधायक इसलिए दुखी होता है क्योंकि उसे मंत्री पद नहीं मिल सका।
 
भाजपा नेता ने कहा कि जो मंत्री बनता है वह इसलिए दुखी रहता है कि उसे अच्छा मंत्रालय नहीं मिला और वह मुख्यमंत्री नहीं बन पाया तथा मुख्यमंत्री इसलिए तनाव में रहता है क्योंकि उसे नहीं पता कि कब आलाकमान उसे पद छोड़ने के लिए कह देगा। उन्होंने कहा कि जीवन में समस्याएं बड़ी चुनौतियां पेश करती हैं और उनका सामना करना तथा आगे बढ़ना ही जीवन जीने की कला है।
 
गडकरी ने कहा कि उन्हें अपने राजनीतिक जीवन में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की आत्मकथा का एक उद्धरण याद है, जिसमें कहा गया है, 'कोई व्यक्ति तब खत्म नहीं होता जब वह हार जाता है। वह तब खत्म होता है जब वह हार मान लेता है। उन्होंने सुखी जीवन के लिए अच्छे मानवीय मूल्यों और संस्कारों पर जोर दिया।
 
उन्होंने जीवन जीने और सफल होने के अपने आदर्शों तथा नियमों को साझा करते हुए 'व्यक्ति, पार्टी और पार्टी दर्शन' के महत्व पर भी प्रकाश डाला। (भाषा)
edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कुक्के सुब्रह्मण्यम मंदिर में घुसा जंगली हाथी, श्रद्धालुओं में दहशत