Nitin Gadkari : असली फिल्म अभी आना बाकी, नितिन गडकरी ने किया 2029 के आम चुनाव के प्लान का खुलासा
गडकरी ने यह भी कहा कि पार्टी ही अपने कार्यकर्ताओं के लिए जिम्मेदारियां तय करती है और भाजपा उनके लिए जो भी जिम्मेदारी तय करेगी, वह उसे निभाएंगे।
Publish Date: Sat, 21 Jun 2025 (18:33 IST)
Updated Date: Sat, 21 Jun 2025 (18:38 IST)
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने शनिवार को 2029 के आम चुनाव में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में जो कुछ देखा गया वह सिर्फ एक न्यूज रील थी और असली फिल्म अभी आनी बाकी है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व अध्यक्ष गडकरी ने यह भी कहा कि पार्टी ही अपने कार्यकर्ताओं के लिए जिम्मेदारियां तय करती है और भाजपा उनके लिए जो भी जिम्मेदारी तय करेगी, वह उसे निभाएंगे।
उन्होंने नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर उदय निरगुडकर को दिए इंटरव्यू में कहा कि अभी तक जो हुआ है वो तो न्यूज रील थी। असली फिल्म शुरू होना बाकी है। गडकरी ने कहा कि किसी कार्यकर्ता की क्या जिम्मेदारी होगी और वह क्या काम करेगा, यह पार्टी तय करती है। मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे पूरा करूंगा।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने कभी अपना राजनीतिक बायोडेटा प्रकाशित नहीं किया है और न ही उन्होंने कभी समर्थकों से हवाईअड्डों पर उनके लिए भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है। पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत इच्छा विदर्भ में किसानों की आत्महत्या रोकने की दिशा में काम करना है।
देश की जनसंख्या कितनी जिम्मेदार
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी ने कहा कि आजकल मैं सड़क निर्माण के बजाय कृषि और अन्य सामाजिक पहलों पर अधिक काम करता हूं। यह पूछे जाने पर कि भारत की प्रति व्यक्ति आय दुनिया में शीर्ष 10 में क्यों नहीं है, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके लिए देश की जनसंख्या जिम्मेदार है।
जनसंख्या नियंत्रण विधेयक का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि यह कोई धार्मिक या भाषाई मुद्दा नहीं है। यह एक आर्थिक मुद्दा है। इतना विकास होने के बावजूद, परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसका कारण बढ़ती जनसंख्या है। इंटरव्यू के दौरान गडकरी ने 2014 से सत्तासीन मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। भाषा Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें