Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में एक जवान शहीद, चार नागरिकों की मौत

हमें फॉलो करें पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में एक जवान शहीद,  चार नागरिकों की मौत
, शुक्रवार, 18 मई 2018 (08:59 IST)
जम्मू। जम्मू में शुक्रवार तड़के सीमा से लगी चौकियों और गांवों में पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से की गई भारी गोलाबारी में बीएसएफ के एक जवान और चार नागरिकों की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हुए हैं।
 
जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तीसरे दिन गोलाबारी और गोलीबारी हुई है। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू और कश्मीर के कल होने वाले आधिकारिक दौरे से एक दिन पहले हुई है।
 
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू के आरएस पुरा, बिश्नाह, अरनिया सेक्टरों में देर रात करीब एक बजे से मोर्टार दागना और गोलीबारी करना तेज कर दिया है। उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने हमलों का जवाब दिया।
 
अधिकारी ने बताया कि शहीद जवान की पहचान 192 बटालियन के 28 वर्षीय कांस्टेबल सीताराम उपाध्याय के तौर पर हुई है। वह जब्बोवाल सीमा चौकी पर रात करीब डेढ़ बजे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जम्मू के जीएमसी अस्पताल ले जाते समय उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था।
 
अधिकारी ने बताया कि वह झारखंड के गिरीडीह के रहने वाले थे और 2011 में बल में शामिल हुए थे। उपाध्याय के परिवार में तीन वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी है। अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के सहायक उपनिरीक्षक पित्तल सीमा चौकी पर घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त अरुण मनहास ने बताया कि आर एस पुरा और अरनिया सेक्टरों में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी एक दंपति सहित चार लोग मारे गए और 12 अन्य लोग घायल हो गए।
 
आरएस पुरा के एसडीपीओ साहिल पराशर ने बताया कि गोलाबारी ग्रस्त इलाकों से घायलों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस बुलेटप्रूफ वाहनों का इस्तेमाल कर रही है। गोलाबारी के मद्देनजर प्रशासन ने आश्रय स्थलों को सक्रिय कर दिया है।
 
बहरहाल, कठुआ और सांबा जिलों में गोलाबारी थम गई है। अधिकारी ने कहा, ‘कठुआ और सांबा जिलों में कल से सीमा- पार से कोई गोलाबारी या गोलीबारी नहीं हुई है।’
 
जम्मू और कश्मीर के कठुआ और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कल पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा 15 सीमा चौकियों पर गोलीबारी और गोला दागने की घटना में बीएसएफ के एक जवान सहित दो लोग घायल हो गए थे।
 
सांबा सेक्टर में 15 मई को पाकिस्तानी सैनिकों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने में घुसपैठियों की मदद करने के लिए संघर्ष विराम का उल्लंघन कर अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की। इस घटना में बीएसएफ का 28 वर्षीय एक जवान शहीद हो गया था। सैनिकों ने 12 मई से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की चार कोशिशें नाकाम की हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों को बंगले खाली करने के निर्देश, एनजीओ ने दायर की थी याचिका