Publish Date: Sun, 22 Feb 2026 (15:53 IST)
Updated Date: Sun, 22 Feb 2026 (18:10 IST)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेरठ से 12930 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इससे पहले मोदी ने शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और यहां से मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो का सफर किया। अपने भाषण में प्रधानंमत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनियाभर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।
उन्होंने कहा कि दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए।
कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ी
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की इन हरकतों का मामला लगातार चल रहा है। इन्होंने संसद में क्या किया? संसद में खुद कुछ नहीं कर पा रहे तो अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं देते, संसद चलने नहीं देते। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है। दिल्ली में जो उन्होंने यह नंगापन दिखाया उससे उनके सारे साथी दल चौंक गए हैं, सबने उनसे किनारा कर लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है, ये मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को गाली देने से इन्हें कोई परहेज़ नहीं है, उन्हें भाजपा, NDA से विरोध है, लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि AI ग्लोबल समिट यह भाजपा का समारोह नहीं था और न ही भाजपा का कोई नेता वहां मौजूद था।
यह देश का, देश के सम्मान का कार्यक्रम था लेकिन कांग्रेस ने परसो सारी मर्यादाएं तोड़ दी। पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है लेकिन दुर्भाग्य देखिए इतनी पुरानी पार्टी के नेता लाजने की बजाय गाजते हैं। देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं।
Edited by : Sudhir Sharma