Publish Date: Tue, 10 Jun 2025 (14:07 IST)
Updated Date: Tue, 10 Jun 2025 (14:14 IST)
sonam raja raghuvanshi case: मध्य प्रदेश के राजा रघुवंशी हत्याकांड ने सबको झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में उनकी पत्नी सोनम पर ही हत्या करवाने का आरोप लग रहा है। इस पूरी कहानी में एक चौंकाने वाली ज्योतिषीय भविष्यवाणी की भूमिका सामने आई है। सोनम के परिवार की ओर से जिस पंडित ने दोनों की शादी की कुंडली मिलाई थी। उस समय भी उन्होंने कुछ सावधानियां बताई थी जिन्हें नजरंदाज करने की बात सामने आ रही है। राजा और सोनम के लापता होने पर भी उन्होंने ही भविष्यवाणी की थी। आइये जानते हैं इस बारे में विस्तार से।
क्या कहा था पंडित जी ने?
राजा और सोनम की शादी से पहले उनकी कुंडली दिखाई गई थी। शुरुआत में शादी की तारीख 16 मई तय की गई थी, लेकिन कुछ कारणों से इसे बदलकर 11 मई कर दिया गया। शादी समारोह के ठीक बाद, 12 मई को ज्योतिष ने सोनम के परिवार को एक और महत्वपूर्ण सलाह दी थी: "सोनम की विदाई मायके से ससुराल 31 मई से पहले मत करना। अगर करनी भी है, तो 31 मई को दोपहर या शाम के बीच में ही करना।" हालांकि, इस सलाह को नजरअंदाज कर दिया गया और सोनम की विदाई शादी के सिर्फ 3 दिन बाद ही कर दी गई। इतना ही नहीं, उन्होंने हनीमून पर भी खतरे की आशंका जताई थी एक खौफनाक भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि राजा की हत्या में किसी महिला का हाथ हो सकता है।
जब ज्योतिष की बात न मानने का हुआ अहसास...
राजा की दुखद हत्या के बाद, सोनम के पिता को गहरा अहसास हुआ कि शायद यह सब ज्योतिष की बात न मानने का ही नतीजा है। अपनी बेटी और परिवार पर आए इस संकट को देखते हुए, उन्होंने एक बार फिर उसी ज्योतिष से सलाह ली। ज्योतिषीय मार्गदर्शन के बाद, घर के दरवाजे के बाहर एक उल्टी तस्वीर लगाई गई। इसके बाद ही सोनम गाजीपुर में मिली।
इस घटना ने एक बार फिर ज्योतिष और नियति के बीच के संबंध पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या ज्योतिषीय भविष्यवाणी सिर्फ एक अंधविश्वास है, या इसमें वाकई भविष्य को समझने की कोई शक्ति है? हालांकि राजा और सोनम की कहानी में तो यह भविष्यवाणी बहुत डरावने रूप में सामने आई।