दरारों की दहशत के बीच उत्तराखंड के जोशीमठ में मंदिर धराशायी, केन्द्र ने बनाई कमेटी

Webdunia
शुक्रवार, 6 जनवरी 2023 (23:01 IST)
जोशीमठ। उत्तराखंड के हिमालयी शहर जोशीमठ के सिंगधर वार्ड में शुक्रवार की शाम को एक मंदिर ढह गया, जिसने एक बड़ी आपदा के डर के साए में रह रहे लोगों को और अधिक चिंतित कर दिया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस बीच, केन्द्र सरकार ने जोशीमठ को लेकर कमेटी बनाई है। यह कमेटी जमीन धंसने के कारणों का अध्ययन करेगी। 
 
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जब यह घटना हुई, तो उस वक्त मंदिर के भीतर कोई नहीं था, क्योंकि करीब 15 दिन पहले इसमें बड़ी दरार आने की घटना के बाद इसे खाली कर दिया गया था। आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि कई घरों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं और करीब 50 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है ।
 
आपदा प्रबंधन के निदेशक पंकज चौहान ने बताया कि उन लोगों के अलावा 60 अन्य परिवारों को दूसरे स्थान पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि ये लोग विष्णु प्रयाग जल विद्युत परियोजना के कर्मचारियों के लिए बने कॉलोनी में रहते थे।
 
उल्लेखनीय है कि मारवाड़ी इलाका सबसे अधिक प्रभावित है, जहां तीन दिन पहले एक जलभृत (Aquifer) फूटा था। क्षेत्र के कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि जलभृत से पानी का बहाव लगातार जारी है।
 
‘चारधाम ऑल वेदर रोड’ (हेलंग-मारवाड़ी बाईपास) और एनटीपीसी की पनबिजली परियोजना जैसी बड़ी परियोजनाओं से संबंधित सभी निर्माण गतिविधियों को स्थानीय लोगों की मांग पर अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
 
स्थानीय नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि औली रोपवे सेवा को भी इसके नीचे एक बड़ी दरार आने के बाद बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक साल से भी अधिक समय से जमीन धंस रही है, लेकिन पिछले एक पखवाड़े में यह समस्या और भी गंभीर हो गई है।
इस बीच, पुनर्वास की मांग को लेकर लोगों ने शुक्रवार को जोशीमठ के तहसील कार्यालय पर धरना दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में कहा कि विशेषज्ञों का एक दल समस्या के सभी पहलुओं का अध्ययन करने के लिये जोशीमठ में मौजूद है और शहर को बचाने के लिये सब कुछ किया जाएगा। 

केन्द्र ने गठित की समिति : जमीन धंसाव मामले में केन्द्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने एक समिति का गठन किया है। यह समिति इस मसले पर बारीकी से अध्ययन करने के बाद 3 दिन के भीतर केंद्र को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। समिति जोशीमठ के क्षेत्र में भू-धंसाव की घटना और उसके प्रभाव को लेकर अध्ययन करेगी। 
 
600 परिवारों को तत्काल निकालने के आदेश : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ शहर के दरार और जोखिम भरे घरों में रह रहे करीब 600 परिवारों को शुक्रवार को तत्काल वहां से निकालने का आदेश दिया। सीएम ने कहा- लोगों की जान बचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। हम जोशीमठ की स्थिति से निपटने के लिए छोटी और लंबी अवधि की योजनाओं पर भी काम कर रहे हैं। (एजेंसी/वेबदुनिया)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

Monsoon 2024 : केरल कब तक पहुंचेगा मानसून, IMD ने बताई तारीख

SBI ने FD पर बढ़ाई ब्याज दर, जानिए कितने प्रतिशत की बढ़ोतरी की

राहुल-अखिलेश को लेकर CM योगी का दावा, बोले- जीते तो मिलकर लूटेंगे और हारे तो फिर टूटेंगे

शोध में खुलासा, पिछले 30 वर्षों में लू से सर्वाधिक मौतें भारत में हुईं

300 सीटें जीतने पर अयोध्या में राम मंदिर बना, 400 सीटों पर मथुरा में बनेगा कृष्ण मंदिर

Monsoon 2024 : केरल कब तक पहुंचेगा मानसून, IMD ने बताई तारीख

5 लाख के इनामी भगोड़े अपराधी को NIA ने किया गिरफ्तार

कृष्ण जन्मभूमि मामले में गुरुवार को भी होगी सुनवाई, हिंदू पक्ष ने दी यह दलील...

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम गिरफ्तार

Krishi Startup : 9 साल में 7000 से ज्‍यादा हुई कृषि स्टार्टअप की संख्या, FAIFA रिपोर्ट में हुआ खुलासा

अगला लेख