rashifal-2026

मनमोहन सिंह को क्यों माना जाता है भारत के आर्थिक उदारीकरण का वास्तुकार?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शुक्रवार, 27 दिसंबर 2024 (07:32 IST)
Manmohan Singh : अपने आर्थिक सुधारों के दम पर भारतीय अर्थव्यवस्था को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने वाले पूर्व वित्त मंत्री और 2 बार प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें 1991 में भारत के आर्थिक उदारीकरण के वास्तुकार के रूप में जाना जाता है। ALSO READ: पिता बनाना चाहते थे डॉक्टर, मनमोहन सिंह ने प्री-मेडिकल कोर्स में लिया था दाखिला
 
1991 में जब मनमोहन सिंह ने पी वी नरसिम्ह राव की सरकार में वित्त मंत्रालय की बागडोर संभाली थी, तब भारत का राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 8.5 प्रतिशत के करीब था, भुगतान संतुलन घाटा बहुत बड़ा था और चालू खाता घाटा भी जीडीपी के 3.5 प्रतिशत के आसपास था। उस समय देश के पास जरूरी आयात के भुगतान के लिए भी केवल 2 सप्ताह लायक विदेशी मुद्रा ही मौजूद थी। कुल मिलाकर अर्थव्यवस्था बहुत गहरे संकट में थी।
 
ऐसी परिस्थिति में डॉ सिंह ने केंद्रीय बजट 1991-92 के माध्यम से देश में नए आर्थिक युग की शुरुआत कर दी। यह स्वतंत्र भारत के आर्थिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ था, जिसमें साहसिक आर्थिक सुधार, लाइसेंस राज का खात्मा और कई क्षेत्रों को निजी एवं विदेशी कंपनियों के लिए खोलने जैसे कदम शामिल थे। इन सभी उपायों का उद्देश्य अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का था।
 
भारत को नई आर्थिक नीति की राह पर लाने का श्रेय डॉ सिंह को दिया जाता है। उन्होंने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), रुपये के अवमूल्यन, करों में कटौती और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के निजीकरण की अनुमति देकर एक नई शुरुआत की। ALSO READ: सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक थे मनमोहन, आर्थिक नीति पर गहरी छाप छोड़ी : PM मोदी
 
आर्थिक सुधारों की एक व्यापक नीति की शुरुआत में उनकी भूमिका को दुनिया भर में स्वीकार किया जाता है। उनकी नीतियों ने ही भारतीय अर्थव्यवस्था को उदारीकरण, वैश्वीकरण और निजीकरण की दिशा में ले जाने का काम किया। वह 1996 तक वित्त मंत्री के तौर पर आर्थिक सुधारों को अमलीजामा पहनाते रहे।
 
सिंह को मई 2004 में देश की सेवा करने का एक और मौका मिला और इस बार वह देश के प्रधानमंत्री बने। अगले 10 वर्षों तक उन्होंने देश की आर्थिक नीतियों और सुधारों को मार्गदर्शन देने का काम किया। उनके कार्यकाल में ही 2007 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 9 प्रतिशत के उच्चतम स्तर पर पहुंची और दुनिया की दूसरी सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया।
 
मनमोहनसिंह 2005 में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) लेकर आए और बिक्री कर की जगह मूल्य वर्धित कर (वैट) लागू हुआ। इसके अलावा डॉ सिंह ने देश भर में 76,000 करोड़ रुपये की कृषि ऋण माफी और ऋण राहत योजना लागू कर करोड़ों किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया।
 
उन्होंने 2008 की वैश्विक वित्तीय मंदी के समय भी देश का नेतृत्व किया और मुश्किल स्थिति से निपटने के लिए एक विशाल प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की। उनके कार्यकाल में ही भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के माध्यम से 'आधार' की शुरुआत हुई।
 
इसके अलावा उन्होंने वित्तीय समावेशन को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया और प्रधानमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान देश भर में बैंक शाखाएं खोली गईं। भोजन का अधिकार और बच्चों को मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम जैसे अन्य सुधार भी उनके कार्यकाल में हुए। (भाषा)
edited by : Nrapendra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

Tejas Mk-1 : अचानक तेजस को क्या हुआ जो क्रैश हो गया, कैसे हुआ हादसा, कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश

नीतीश कुमार मुख्‍यमंत्री तो बने पर ताकत कम हुई, गृह मंत्रालय अब भाजपा के पास

Labor Code : देश में 4 नए लेबर कोड लागू, समय पर सैलरी और मिनिमम वेतन देना होगा

Samsung Galaxy Tab A11 कब होगा लॉन्च, क्या रहेगी कीमत, जानिए सब कुछ

Maharashtra : शिक्षक के उत्पीड़न से परेशान छात्रा छत से कूदी, ट्रेन में मराठी नहीं बोलने पर पिटाई तो छात्र ने लगा ली फांसी

सभी देखें

नवीनतम

क्या नेगेटिव जी टर्न की वजह से दुबई एयर शो में क्रेश हुआ तेजस?

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज हैदराबाद में निवेश को लेकर रोड शो

नए लेबर कोड से कैसे बदलेगा कर्मचारियों का सैलरी स्ट्रक्चर?

8 लाख साल पुराने ऊनी हाथी का हो सकता है पुनर्जन्म, 4000 साल पहले हुआ था विलुप्त

झारखंड में सोरेन सरकार का एक साल, शुरू हुआ सेवा अधिकार सप्ताह

अगला लेख