वेबदुनिया के हिन्दी डोमेन के रजिस्टर होने के बाद अब वेबदुनिया के पाठक www.webdunia.com के साथ ही www.वेबदुनिया.com यूआरएल टाइप कर इस वेबदुनिया को खोल सकते हैं। हालाँकि अभी लंबी दूरी तय की जानी है। पता देवनागरी में लिखा और ढूंढा जा सकेगा, लेकिन डेटा सर्वर पर इसकी पहचान अंग्रेज़ी वर्णों से ही होगी, जैसा कि अन्य भाषाओं के लिए भी लागू है। फिर भी ये रोमांचित करने वाला पल तो है ही। देवनागरी के जानकार और प्रेमियों के लिए ये ख़ुशी का अवसर है।
ऐसा माना जा रहा है कि निकट भविष्य में यह सुविधा भारत की अन्य भाषाओं में भी मिल सकेगी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में यह सुविधा अंग्रेजी के अलावा रूसी, अरबी, जापानी, चीनी समेत कुछ अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध है।