आओ गणगौर खेलें

Webdunia
WD
होली के दूसरे दिन से ही गणगौर का त्योहार आरंभ हो जाता है जो पूरे अठारह दिन तक लगातार चलता रहता है। बड़े सवेरे ही होली की राख को गाती-बजाती स्त्रियाँ अपने घर लाती हैं। मिट्टी गलाकर उससे सोलह पिंडियाँ बनाती हैं, शंकर और पार्वती बनाकर सोलह दिन बराबर उनकी पूजा करती हैं।

दीवार पर सोलह बिंदिया कुंकुम की, सोलह बिंदिया मेहँदी की और सोलह बिंदिया काजल की प्रतिदिन लगाती हैं। कुंकुम, मेहँदी और काजल तीनों ही श्रंगार की वस्तुएँ हैं। सुहाग की प्रतीक हैं। शंकर को पूजती हुई कुँआरी कन्याएँ प्रार्थना करती हैं कि उन्हें मनचाहा वर प्राप्त हो। शंकर और पार्वती को आदर्श दंपति माना गया है। दोनों के बीच अटूट प्रेम है।

शंकर के जीवन में और मन में कभी दूसरी स्त्री का ध्यान नहीं आया। सभी स्त्रियाँ अपने जीवन में पति का अखंड प्रेम चाहती हैं। किसी और की साझेदारी की वे कल्पना तक करना पसंद नहीं करतीं। कन्याएँ एक समूह में सज-धज कर दूब और फूल लेकर गीत गाती हुई बाग-बगीचे में जाती हैं। घर-मोहल्लों से गीतों की आवाज से सारा वातावरण गूँज उठता है।

कन्याएँ कलश को सिर पर रखकर घर से निकलती हैं तथा किसी मनोहर स्थान पर उन कलशों को रखकर इर्द-गिर्द घूमर लेती हैं। जोधपुर में लोटियों का मेला लगता है। वस्त्र और आभूषणों से सजी-धजी, कलापूर्ण लोटियों की मीनार को सिर पर रखे, हजारों की संख्या में गाती हुई नारियों के स्वर से जोधपुर का पूरा बाजार गूँज उठता है।

राजघरानों में रानियाँ और राजकुमारियाँ प्रतिदिन गवर की पूजा करती हैं। चित्रकार पूजन के स्थान पर दीवार पर ईसर और गवरी के भव्य चित्र अंकित कर देता है। केले के पेड़ के पास ईसर और गवरी चौपड़ खेलते हुए अंकित किए जाते हैं। ईसर के सामने गवरी हाथ जोड़े बैठी रहती हैं। ईसरजी काली दाढ़ी और राजसी पोशाक में तेजस्वी पुरुष के रूप में अंकित किए जाते हैं।

मिट्टी की पिंडियों की पूजा कर दीवार पर गवरी के चित्र के नीचे सोलह कुंकुम और काजल की बिंदिया लगाकर हरी दूब से पूजती हैं। साथ ही इच्छा प्राप्ति के गीत गाती हैं। एक बुजुर्ग औरत फिर पाँच कहानी सुनाती है। ये होती हैं शंकर-पार्वती के प्रेम की, दाम्पत्य जीवन की मधुर झलकियों की। उनके आपस की चुहलबाजी की सरस, सुंदर साथ ही शिक्षाप्रद छोटी-छोटी कहानियाँ और चुटकुले। गणगौर के त्योहार को उमंग, उत्साह और जोश से मनाया जाता है। स्त्रियाँ गहने कपड़ों से सजी-धजी रहती हैं।

नाचना और गाना तो इस त्योहार का मुख्य अंग है ही। घरों के आँगन में, सालेड़ा आदि नाच की धूम मची रहती है। परदेश गए हुए इस त्योहार पर घर लौट आते हैं। जो नहीं आते हैं उनकी बड़ी आतुरता से प्रतीक्षा की जाती है। आशा रहती है कि गणगौर की रात को जरूर आएँगे। झुंझलाहट, आह्लाद और आशा भरी प्रतीक्षा की मीठी पीड़ा को व्यक्त करने का साधन नारी के पास केवल उनके गीत हैं। ये गीत उनकी मानसिक दशा के बोलते चित्र हैं।

चैत्र शुक्ल तीज को गणगौर की प्रतिमा एक चौकी पर रख दी जाती है। यह प्रतिमा लकड़ी की बनी होती है। उसे जेवर और वस्त्र पहनाए जाते हैं। उस प्रतिमा की सवारी या शोभायात्रा निकाली जाती है।

नाथद्वारा में सात दिन तक लगातार सवारी निकलती है। सवारी में भाग लेने वाले व्यक्तियों की पोशाक भी उस रंग की होती है जिस रंग की गणगौर की पोशाक होती है। सात दिन तक अलग-अलग रंग की पोशाक पहनी जाती है। आम जनता के वस्त्र गणगौर के अवसर पर निःशुल्क रंगे जाते हैं। उदयपुर में गणगौर की नाव प्रसिद्ध है। इस प्रकार पूरे राजस्थान में गणगौर उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।

Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

शरद पूर्णिमा कब है? इस दिन ये 10 कार्य करने से होगा नुकसान

Vakri guru : गुरु वक्री होकर बदल देंगे इन 4 राशियों का भाग्य, नौकरी और व्यापार में होगा लाभ ही लाभ

करवा चौथ 2024 : आपके शहर में कब निकलेगा चांद, जानिए सही टाइम

Guru Pushya Nakshatra 2024: 24 अक्टूबर 2024 को गुरु पुष्य नक्षत्र के साथ 2 अत्यंत शुभ योग, जानें क्या करें

Hanuman ji: क्या हनुमान जी प्रकट होने वाले हैं?

सभी देखें

धर्म संसार

शरद पूर्णिमा के दिन कर लें ये 5 अचूक उपाय, सुख समृद्धि के खुलेंगे रास्ते और होगा शुभ

हिन्दी निबंध : शरद पूर्णिमा

Narak chaturdashi 2024: नरक चतुर्दशी का त्योहार कब मनाया जाएगा, जानिए शुभ मुहूर्त

Sharad Purnima 2024: शरद पूर्णिमा क्यों मनाई जाती है?

करवा चौथ पर क्यों देखती हैं महिलाएं छन्नी से पति का चेहरा, जानिए इस परंपरा का महत्व