श्रीराम के आदर्श जीवन की गाथा

Webdunia
श्रीराम की लीलाएं व्रतोत्सव से परिपूर्ण
- आचार्य गोविन्द बल्लभ जोशी


 



गोस्वामी तुलसीदास सगुण भक्ति के आचार्य हैं। उनका जीवन सदाचार, व्रत, तप और उपासनामय था। श्रीराम प्रेमरूपी व्रत के वे साक्षात मूर्तिमान ही थे। प्रभु श्रीराम के चरणों में अनन्य निष्ठा ही उनका जीवन व्रत था। गोस्वामी अपने जीवन व्रत को भरत के वचनों द्वारा इस प्रकार व्यक्त करते हैं-

' अरथ न धरम न काम रुचि गति न चहऊं निरबान।
जनम-जनम रति राम पद यह बरदानु न आन।।'

भक्त के लिए भगवान के चरणों का आश्रय ही सबसे बड़ा आश्रय होता है। वह पूर्ण निष्ठा से प्रभु चरण के आश्रय का ही व्रत किए रहता है। गोस्वामी की इसी व्रतचर्या का दर्शन उनके श्रीरामचरितमानस आदि ग्रंथों में अक्षरस: दिखाई देता है। उनके प्राणनाथ ठाकुरजी का अवतरण तो विभिन्न व्रतों की मर्यादा की प्रतिष्ठा के लिए ही हुआ है।

FILE


भगवान श्रीराम की प्राय: सभी लीलाएं व्रतोत्सव से परिपूर्ण हैं। रामचरितमानस में परात्पर ब्रह्म भगवान नारायण के श्रीरामावतार की विस्तृत कथा है। यह अवतार भी महाराज स्वायम्भुव मनु और महारानी शतरूपा के तपोव्रत और अनन्यता से भगवान के रीझने पर ही हुआ।

दोनों शाकाहार, फलाहार और कंदाहार करते हुए सच्चिदानंद ब्रह्म का स्मरण करते रहे। पुन: उन्होंने मूल फल को त्यागकर 6 हजार वर्षों तक जलाहार व्रत एवं 7 हजार वर्षों तक केवल वायु लेकर पुन: निराहार व्रतपूर्वक एक पैर पर खड़े रहकर कठिन तप का अनुष्ठान किया। भगवत्कृपा से उनका तपोव्रत पूर्ण हुआ और महाराज स्वायम्भुव मनु तथा महारानी शतरूपाजी का व्रत श्रीरामावतार हेतु बताना।

FILE


भगवान के प्राकट्य महोत्सव के विषय में गोस्वामीजी ने बताया कि श्रीराम जन्म के अवसर पर अयोध्या में जो उत्सव मनाया गया उसे देखकर देवता, मुनि और नाग भी अपने भाग्य की सराहना करते हुए अपने-अपने भवन को गए-

' देखि महोत्सव सुर मुनि नागा।
चले भवन बरनत निज भागा।'

उस समय नगर को जिस प्रकार से सजाया गया उसका तो वर्णन ही संभव नहीं। ध्वजा, पताका और तोरणों से नगर छा गया। सब लोग ब्रह्मानंद में मगन हो गए। आकाश से फूलों की वर्षा होने लगी। लोग दान करने लगे। गलियों के बीच-बीच में केसर, कस्तूरी और चंदन की कीच हो गई। घर-घर मंगलमय गान होने लगा, क्योंकि उत्सव एवं शोभा के मूल भगवान प्रकट हुए थे। नगर के नर-नारियों के झुंड जहां-तहां आनंदमग्न हो रहे थे।

' गृह-गृह बाज बधाव सुभ प्रगटे सुषमा कंद।
हरषवंत सब जहं-तहं नगर नारि बृंद।।'

FILE


प्राकट्य महोत्सव के समान ही तुलसीदास ने भगवान के विवाह महोत्सव का बहुत ही मंगलमय वर्णन किया है। श्रीराम-सीता के विवाहोत्सव का जो वर्णन श्रीरामचरितमानस में है, उसका अनुकरण स्मरण करने से विवाह मंगलमय हो जाता है। श्री सीताराम के विवाह महोत्सव का दर्शन कर ब्रह्मादि देवता, मनुष्य और मुनि आनंद-विभोर हो गए।

महाराज दशरथ ने कामधेनु सदृश 4 लाख गायें सब प्रकार से अलंकृत कर ब्राह्मणों को दान में दीं। विवाह अपने आप में एक प्रकार का व्रत ग्रहण ही है जिसमें वधू पतिव्रत का और वर पत्नीव्रत का संकल्प करते हैं। दोनों एक-दूसरे के पूरक बनते हैं। श्रीराम-सीता ने इस व्रत का पूर्णरूपेण पालन कर सर्वोत्तम आदर्श प्रस्तुत किया। गृहस्थ जीवन में विवाहोत्सव सबसे बड़ा उत्सव है।

गोस्वामी तुलसीदास ने भगवान श्रीराम के मर्यादामय आदर्श जीवन की झांकी प्रस्तुत करते हुए उनके वनवास व्रत का जो वर्णन किया है वह प्रसंग पग-पग पर लोक-शिक्षा तथा अध्यात्म का ज्ञान कराने वाला है।


FILE


प्रभु श्रीराम का वनवास व्रत दीर्घकालीन है। भगवान श्रीराम ने अपने वनवास व्रत की बात चलाकर निषादराज के अनुरोध को अस्वीकार करते हुए कहा-

' बरष चारिदस बासु बन मुनि ब्रत बेषु अहारु।
ग्राम बासु नहिं उचित सुनि गुहहि भयउ दुखु भारु।।'

अर्थात मुझे 14 वर्ष तक मुनियों का व्रत और वेष धारण कर मुनियों के योग्य आहार करते हुए वन में ही रहना है, गांव में निवास करना उचित नहीं है।

वनवास में भगवान श्रीरामचन्द्र की व्रतीवत् दिनचर्या का एक दृश्य दर्शनीय है, जो निषादराज गुह ने भरत लाल को दिखाया था और कहा था कि वट की छाया में सीताजी के करकमलों द्वारा बनी बेदी है, जहां मुनिवृंद के साथ बैठकर श्रीसीतारामजी नित्य ही शास्त्र, वेद, पुराणों की कथाएं और इतिहास सुना करते हैं-

' जहां बैठि मुनिगन सहित नित सिय रामु सुजान।
सुनहिं कथा इतिहास सब आगम निगम पुरान।।'


गोस्वामी ने रण में भी भगवान श्रीराम की व्रतशीलता के दर्शन कराए हैं। श्रीराम का पहला युद्ध विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा के समय ताड़का, सुबाहु, मारीच आदि यज्ञ और धर्म के विरोधी राक्षसों के साथ हुआ। प्रात:काल भगवान श्रीराम ने विश्वामित्र से निर्भय होकर यज्ञ करने को कहा। सब मुनि होम करने लगे और वे रखवाली पर रहे-

' प्रात कहा मुनि सन रघुराई। निर्भय जग्य करहु तुम्ह जाई।।
होम करन लागे मुनि झारी। आपु रहे मख की रखवारी।।'

इस प्रसंग से स्पष्ट होता है कि श्रीराम-लक्ष्मण यज्ञ रक्षार्थ व्रत धारण करके अन्नाहार छोड़ फलाहार करते हुए तत्पर रहे। रावण वध के बाद विजयोत्सव हुआ। श्रीरामचन्द्र की जयध्वनि संपूर्ण ब्रह्मांड में भर गई। देवता और मुनिगण फूल बरसाकर जय-जयकार करने लगे। नगाड़े बजाए गए। अयोध्या आने पर राज्याभिषेक के अवसर पर भी विशेष व्रताचरण आवश्यक होता है। श्रीराम राज्य में नित्य नए मंगलोत्सव होते थे। सभी वर्ग के लोग हर्षित रहते थे-

' नित नव मंगल कौसलपुरी। हरषित रहहिं लोग सब कुरी।।'



वेबदुनिया पर पढ़ें

Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

Vrishabha Sankranti 2024: सूर्य के वृषभ राशि में प्रवेश से क्या होगा 12 राशियों पर इसका प्रभाव

Khatu Syam Baba : श्याम बाबा को क्यों कहते हैं- 'हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा'

Maa lakshmi : मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए तुलसी पर चढ़ाएं ये 5 चीज़

Shukra Gochar : शुक्र करेंगे अपनी ही राशि में प्रवेश, 5 राशियों के लोग होने वाले हैं मालामाल

Guru Gochar 2025 : 3 गुना अतिचारी हुए बृहस्पति, 3 राशियों पर छा जाएंगे संकट के बादल

सभी देखें

धर्म संसार

Aaj Ka Rashifal: 18 मई का दिन क्या लाया है आपके लिए, पढ़ें अपनी राशि

Chinnamasta jayanti 2024: क्यों मनाई जाती है छिन्नमस्ता जयंती, कब है और जानिए महत्व

18 मई 2024 : आपका जन्मदिन

18 मई 2024, शनिवार के शुभ मुहूर्त

Maa lakshmi beej mantra : मां लक्ष्मी का बीज मंत्र कौनसा है, कितनी बार जपना चाहिए?