महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी बस, 13 लोगों की मौत, 29 घायल

Webdunia
शनिवार, 15 अप्रैल 2023 (18:30 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर शनिवार तड़के एक बस के खाई में गिर जाने से उसमें सवार कम से कम 5 नाबालिगों समेत 13 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। घायलों में से 5 की हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक संगीत मंडली को लेकर पुणे से मुंबई जा रही निजी बस राजमार्ग पर शिंग्रोबा मंदिर के पास तड़के चार बजकर 50 मिनट पर खाई में गिर गई। यह हादसा खोपोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ।

अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में छह वर्षीय एक बच्चे और 15 साल की एक किशोरी समेत कम से कम पांच नाबालिग शामिल हैं, जबकि घायलों में भी कम से कम छह नाबालिग शामिल हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और प्रत्‍येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

शिंदे ने बताया कि घायलों में से 5 की हालत गंभीर है। उन्होंने नवी मुंबई स्थित महात्मा गांधी मिशन (एमजीएम) अस्पताल का दौरा किया। अधिकतर घायलों को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद वह दुर्घटना स्थल गए।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस हादसे पर दुख जताया और शिंदे एवं राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस बारे में बात की। शाह ने ट्वीट किया, महाराष्ट्र के रायगढ़ में हुआ सड़क हादसा दुःखद है। इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात हुई।

उन्होंने कहा, स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पुलिस अधिकारी ने कहा, बस में मुंबई स्थित गोरेगांव के ‘बाजी प्रभु वादक ग्रुप’ के 42 सदस्य सवार थे। वे पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड इलाके में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद गोरेगांव लौट रहे थे। बस शुक्रवार को देर रात करीब एक बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस का एक दल, एक ट्रेकिंग समूह के सदस्य और आईआरबी कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों के अनुसार, घायलों को तीन अलग-अलग अस्पतालों-नवी मुंबई स्थित एमजीएम अस्पताल, खोपोली स्थित एक सरकारी अस्पताल और वहां स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमनाथ घार्गे ने बताया कि हादसे में हताहत हुए लोग मुंबई के सायन एवं गोरेगांव इलाके और पड़ोसी पालघर जिले के विरार के रहने वाले थे।

पुलिस के मुताबिक, हताहतों में से अधिकतर की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच है। खोपोली शहर मुंबई से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मुख्यमंत्री ने रायगढ़ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात करके स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायलों को उचित इलाज मिले।

हादसे में अपनी 18 वर्षीय बेटी जुई को खोने वाले दीपक सावंत ने कहा कि जब जुई कार्यक्रम के लिए सकुशल पुणे पहुंची, तो उसने उनसे बात की थी। सावंत ने कहा, पुणे जाते समय जुई ने मुझसे कहा कि जब वह शहर पहुंचेगी तो मुझे फोन करेगी, जो उसने किया। वह मेरी बेटी के साथ आखिरी बातचीत थी। उन्होंने बताया कि जुई 11वीं कक्षा की छात्रा थी।

मृतकों में दो भाई (सतीश और स्वप्निल धूमल) भी शामिल थे। दोनों भाइयों के पड़ोसी एवं मित्र गणेश भोले ने कहा, हम कॉलेज के छात्र हैं और मंडली से जुड़े थे। जब मुझे हादसे की जानकारी मिली, तब मैं सो रहा था। हम तुरंत खोपोली पहुंचे और स्वप्निल के शव की पहचान की। फोटो सौजन्‍य : टि्वटर
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

ऑटो ड्राइवर ने निकाला कमाई का नायाब तरीका, सुनकर उड़ जाएंगे होश, जानिए कितनी होती है इंकम

अब आसानी से मिलेगा तत्काल टिकट, 10 मिनट सिर्फ आधार OTP से कर सकेंगे बुकिंग

Mahua Moitra marries : कौन हैं पिनाकी मिश्र, जिनसे TMC की तेजतर्रार सांसद महुआ मोइत्रा ने की शादी

Russia-Ukraine war : रूस छुपकर हमला करने वाले ड्रोन पर कर रहा काम, जानें कैसे मचाते हैं दुश्मन देश में तबाही

श्रीकांत शिंदे का बड़ा बयान, पाकिस्तान भारत के खिलाफ करता है राहुल के बयानों का इस्तेमाल

सभी देखें

नवीनतम

कोरोना की चौथी लहर की चपेट में क्या आएगा भारत, साइंटिस्ट से जानिए आपके हर सवाल का जवाब?

मस्क ने दी ड्रैगन कैप्सूल वापस लेने की धमकी, नासा के पास केवल रूस का ही विकल्प बचेगा

कोरोनावायरस संक्रमण से अब कोई खतरा नहीं, इसे लेकर क्या बोले स्वास्थ्य विशेषज्ञ

फ्रांस से बेंगलुरु तक गूंजता सवाल! दुनिया ने चेताया, फिर भी नहीं सीखे हम अब और कितनी जानें जाएंगी?

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा क्रिप्टोकरेंसी को लेकर हैं चिंतित, जानिए क्या है कारण

अगला लेख