Publish Date: Sun, 05 Sep 2021 (00:16 IST)
Updated Date: Sun, 05 Sep 2021 (00:19 IST)
भिवानी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला अंग्रेजी के पेपर में पास होने के साथ ही अब 10वीं कक्षा में उत्तीर्ण हो गए हैं। 86 वर्षीय चौटाला ने गत 18 अगस्त को अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी थी। इसका परिणाम आज घोषित हुआ जिसमें चौटाला ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। दसवीं ओपन की परीक्षा के परिणामों की घोषणा के बाद शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने चौटाला को फोन कर उनके 10वीं के परिणाम की सूचना दी।
सिंह ने बताया कि चौटाला का 10वीं का अंग्रेजी विषय का परिणाम न आने के चलते हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने उनका 12वीं का परिणाम भी रोक रखा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को अब एक प्रार्थना पत्र बोर्ड को देना होगा जिसमें इस बात का उल्लेख हो कि उनका 10वीं का परिणाम घोषित कर दिया गया है तथा उनका 12वीं का लंबित परिणाम भी घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सोमवार को उनका 12वीं का परीक्षा परिणाम भी घोषित करने में सक्षम हो पाएगा।
गौरतलब है कि 10वीं ओपन की अंग्रेजी विषय की परीक्षा पूर्व मुख्यमंत्री ने सिरसा स्थित आईएस सीनियर सेकंडरी स्कूल में राइटर के माध्यम से दी थी। अंग्रेजी विषय के अंकों को जोडऩे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अब प्रथम श्रेणी में 10वीं कक्षा पास कर चुके हैं। इससे पूर्व, अंग्रेजी विषय के अंकों को जोड़े बगैर अन्य विषयों में उनके लगभग 54 प्रतिशत अंक थे।(भाषा)