Publish Date: Sun, 03 Sep 2023 (17:53 IST)
Updated Date: Sun, 03 Sep 2023 (18:00 IST)
Girl child died in leopard Attack : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 2 अलग-अलग स्थानों पर तेंदुओं के हमले की घटना में 6 साल की एक बच्ची की मृत्यु हो गई तथा एक महिला घायल हो गई। तेंदुए के हमले में बालिका की मौत की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही है।
वन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। प्रभागीय वन अधिकारी संजय शर्मा ने रविवार को बताया कि खैरीघाट थाना क्षेत्र के रायगंज गांव में इंद्रसेन सोनकर नामक व्यक्ति के घर उसकी नातिन प्रियांशी (छह) रक्षाबंधन के त्योहार पर आई थी। शनिवार शाम प्रियांशी घर के बाहर खेल रही थी तभी गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर खेत में ले गया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया, लेकिन तब तक प्रियांशी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में तेंदुए के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं और दहशत से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं।
शर्मा ने बताया कि तेंदुए के हमले में बालिका की मौत की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। दूसरी घटना कतर्नियाघाट वन्यजीव अभ्यारण्य अंतर्गत निशानगाढ़ा रेंज के नवीनपुरवा गांव में हुई।
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को नित्यकर्म के लिए खेतों की ओर जा रही इंदू देवी पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए महिला ने तेंदुए से संघर्ष किया और शोर मचाया तो उसके पति और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर किया तो तेंदुआ महिला को छोड़कर एक गन्ने के खेत में छिप गया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तेंदुए के हमले से घायल महिला इंदु के सिर और गले में गंभीर चोटें आई हैं। महिला का मिहींपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया जा रहा है। कतर्नियाघाट वन्य जीव अभयारण्य के प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने मटेही गांव पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया है।
बधावन ने बताया कि नवीन पुरवा गांव जंगल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने के मद्देनजर गांव में सोलर लाइटें लगाई गई हैं। यहां अंधेरे में शौच इत्यादि के लिए घर से दूर खेतों में जाना खतरनाक हो सकता है।
प्रभावित परिवार को बजट आवंटित किया गया था लेकिन शौचालय नहीं बनवाया गया। महिला शौच के लिए अंधेरे में निकली थी तभी तेंदुए ने हमला कर दिया। पीड़िता को इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के किनारे पिंजरा लगाया गया है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)