Bihar Politics : नीतीश नहीं PM मोदी पर निशाना साध रही थी लालू यादव की बेटी, RJD का स्पष्टीकरण

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शुक्रवार, 26 जनवरी 2024 (00:08 IST)
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने गुरुवार को दावा किया कि पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य के विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी थे, न कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। बाद में इस पोस्ट को हटा लिया गया था।
 
राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने पटना के 10, सर्कुलर रोड स्थित रोहिणी की मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी बंगला के बाहर इस आशय का एक बयान दिया। जब पत्रकारों ने यादव से सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर रोहिणी आचार्य द्वारा हटाए गए पोस्ट के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि किसी अन्य संदर्भ में की गई टिप्पणियां वापस ले ली जाती हैं जब निहित स्वार्थ राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उनका उपयोग करते हैं।
 
हटाए गए पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर सामने आए। पोस्ट में कहा गया था, ‘‘वे जो वैचारिक रूप से भटके हुए हैं, समाजवाद के चैंपियन होने का दावा करते हैं।’’
 
इसे राजद के सहयोगी बिहार के मुख्यमंत्री पर अप्रत्यक्ष हमला माना गया था। कुमार ने एक दिन पहले ‘वंशवाद की राजनीति’ की निंदा की थी।
 
भाजपा नेता निखिल आनंद ने भी एक बयान जारी कर मुख्यमंत्री का कथित अपमान करने के लिए रोहिणी से माफी की मांग की।
 
हालांकि, राजद प्रवक्ता ने कहा कि रोहिणी उन लोगों को निशाना बनाना चाहती थीं जो गरीबों के चैंपियन होने का दिखावा करते हैं लेकिन एक साल में दो करोड़ नौकरियों के वादे से पीछे हट गए और हवाई चप्पलों वालों के हवाई जहाज से यात्रा करने जैसे दावों से लोगों को धोखा देते हैं।
 
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और लोकसभा चुनाव के नतीजे केंद्र में भाजपा की सत्ता का सफाया करने की दिशा में निर्णायक साबित होंगे।
 
उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज किया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी और जद (यू) के राजनीतिक सलाहकार के सी त्यागी का एक ही उड़ान से दिल्ली जाना नीतीश के राजग में जाने की संभावनाओं की ओर इशारा करता है।
 
राजद नेता ने कहा कि कई बार अलग-अलग पार्टियों के नेता एक ही उड़ान से यात्रा करते हैं। शायद ही कभी इसका कोई राजनीतिक परिणाम निकलता है।
 
इस बीच जद (यू) के कई मंत्रियों के मुख्यमंत्री से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की खबरें भी आईं।
 
मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकलते हुए संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि मैं गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए प्रभारी मंत्री के रूप में कल नालंदा (मुख्यमंत्री का गृह जिला) जा रहा हूं। इससे यह स्पष्ट हो जाना चाहिए कि कोई संकट नहीं है।
 
उन्होंने प्रदेश भाजपा प्रमुख की दिल्ली यात्रा की पृष्ठभूमि में लगायी जा रही अटकलों को भी खारिज करते हुए कहा कि किसी भी पार्टी में पदाधिकारी आलाकमान से मिलते हैं। इसमें असाधारण क्या है। भाषा

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

अयोध्या : रामपथ निर्माण में लापरवाही पर एक्शन, PWD के 3 इंजीनियर सस्पेंड

चीन को क्‍यों याद आए भारत के पंचशील सिद्धांत? राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कही यह बड़ी बात

क्या अमेरिकी चुनाव में ट्रंप मारेंगे बाजी? जानिए क्या कहता है सर्वेक्षण

हवाई अड्‍डा हादसे की आंखों देखी, मच गई थी अफरा तफरी, लोग चिल्लाते नजर आए

जो बाइडेन या डोनाल्‍ड ट्रंप, किसके जीतने पर होगा भारत को फायदा?

सभी देखें

नवीनतम

18 साल बाद गुमशुदा भाई से ऐसे मिली बहन, टूटे दांत से मिला क्लू

अयोध्या: करोड़ों की लागत का 'विकास' बारिश के दबाव में क्यों?

पानी में दिल्ली, AIIMS के ऑपरेशन थिएटर बंद, नहीं हुईं सर्जरी, 88 साल का रिकॉर्ड टूटा

Weather Updates: दिल्ली में होगी पुन: तेज बारिश, IMD का उत्तर भारत में मूसलधार बारिश का अलर्ट

मुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे पर भयानक हादसा, हवा में उछली कारें, 6 लोगों की मौत

अगला लेख
More