Publish Date: Mon, 30 Jun 2025 (12:56 IST)
Updated Date: Mon, 30 Jun 2025 (13:01 IST)
Manipur news: आंतरिक मणिपुर (Inner Manipur) के सांसद अकोइजाम बिमोल अंगोमचा (Akoijam Bimol Angomcha) को केंद्रीय बलों ने इंफाल घाटी के बाहरी इलाके में स्थित एक गांव का दौरा करने से रोक दिया जिसके बाद उन्होंने राज्य पर सांप्रदायिक ताकतों के समर्थन में एक काल्पनिक और असंवैधानिक रेखा, तथाकथित 'बफर जोन' सीमा बनाने का आरोप लगाया।
सांसद ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर देर रात लिखे एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा के एक निर्वाचित सदस्य के रूप में मुझे बिष्णुपुर जिले के फोगाकचौ-इखाई माखा लेईकाई कीथेल (बाजार) जाने से रोक दिया गया, जो मेरे संसदीय क्षेत्र (आंतरिक मणिपुर) में आता है जबकि उस स्थान की सुरक्षा में भारतीय सेना सहित भारी सुरक्षा बल तैनात हैं।
उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि अन्य समुदायों के आम नागरिकों (जैसे पंगल समुदाय) को मेरी आंखों के सामने उसी जगह से गुजरने दिया गया लेकिन मुझे एक सांसद को रोक दिया गया। कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह दिखाता है कि राज्य में कैसे गुपचुप तरीक़ों से मणिपुर को सांप्रदायिक आधार पर बांटने का काम किया जा रहा है। एक काल्पनिक और असंवैधानिक रेखा जिसे 'बफर जोन' कहा जा रहा है, खींचकर और लागू करके राज्य में सांप्रदायिक ताकतों को समर्थन दिया जा रहा है।
ALSO READ: मणिपुर में बिगड़े हालात, सिर पर डाला पेट्रोल, 5 जिलों में इंटरनेट बंद, कर्फ्यू
चुराचांदपुर जिले से आई हिंसक भीड़ ने फोगाकचौ-इखाई के समीतवर्ती तोरबुंग में 3 मई 2023 को कई मकानों में आग लगा दी थी जिसके बाद फोगाकचौ-इखाई के निवासी अन्यत्र चले गए थे। राज्य में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच हिंसा बढ़ती गई और 260 से अधिक लोगों की जान चली गई। हजारों की संख्या में लोग हिंसा की वजह से बेघर हो गए।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta