Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

प्रधानमंत्री मोदी बोले, 'लॉफिंग क्लब' बन गई है कांग्रेस...

हमें फॉलो करें प्रधानमंत्री मोदी बोले, 'लॉफिंग क्लब' बन गई है कांग्रेस...
, गुरुवार, 2 नवंबर 2017 (22:43 IST)
कांगड़ा/पोंटा साहिब (हिमाचल प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार से लड़ने की बात करती है जबकि उसके खुद के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं और राज्य में सत्तारुढ़ पार्टी ‘लॉफिंग क्लब’ बन गई है।
 
हिमाचल में चुनावों की घोषणा के बाद चुनाव प्रचार के अपने पहले दौरे पर आए प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार को आधार बनाकर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। मोदी ने कांगड़ा और पोंटा साहिब में जनसभाओं को संबोधित किया और चीन के साथ डोकलाम गतिरोध, कश्मीर और सेना समेत विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने नौ नवंबर को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले अपने भाषणों में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
 
उन्होंने पोंटा साहिब की रैली में कहा, ‘खजाने पर अब कोई पंजा नहीं मार सकेगा।’ वहीं प्रधानमंत्री ने कांगड़ा में कहा कि यह महात्मा गांधी या स्वतंत्रता सेनानियों की कांग्रेस नहीं है बल्कि भ्रष्टाचार और वंशवाद की राजनीति की कांग्रेस है।
 
मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल में पांच दानवों को पनपने का मौका दिया और संरक्षण दिया पहला दानव खनन माफिया है,‌ जिससे देवभूम‌ि का सीना छलनी हो रहा है। दूसरा वन माफिया है, जो जंगल लूट रहा है और प्राकृतिक संपदा को नष्ट करा रहा है। तीसरा दानव ड्रग माफिया है जो हमारी पीढ़ी को तबाह कर रहा है। 
 
मोदी ने जनता से पूछा कि ड्रग माफिया आपके घर में आपकी संतानों को तबाह कर रहा है। ऐसे ड्रग माफिया का खात्मा होना चाहिए कि नहीं। उन्होंने कहा कि ड्रग माफिया के खिलाफ भाजपा की सरकार कठोरता से काम करेगी। चौथा दानव है टैंडर माफिया। टैंडर में भाई भतीजावाद चल रहा है। टैंडर माफिया से हिमाचल को मुक्‍त करना है। पांचवा दानव है ट्रांसफर माफिया। किसी को तबादला कराना है तो बोली लगती है।
 
मोदी ने कहा कि इन पांचों दानवों को 9 तारीख को भस्म कर दिया जाना चाहिए। पांच दानवों की आत्मा पोलिंग मशीन में है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आप देश के वीरों, शहीदों का अपमान कर रहे हो। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि क्या ऐसी पार्टी की सरकार बननी चाहिए? 
 
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में तमाम काम करने पड़ते हैं, हो सकता है कि एक-दो काम गलत हो जाएं। इस पर देश माफ कर देता है लेकिन काम अगर गलत इरादे से किया जाए तो जनता और देश माफ नहीं करते हैं। कांग्रेस जरा विचार करे कि देश के कोने-कोने में क्यों जनता उसे और उसके नेताओं को हटाने को निकल पड़ी है।
 
मोदी ने कहा ‘यह धरती आजादी के सिपहसालारों की है, जिन्होंने 24 साल की उम्र में अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे, ऐसे सेनानी रामसिंह जी पठानिया की धरती को मैं नमन करता हूं। आप 9 तारीख को बटन दबाकर अपनी चहेती सरकार बनाने वाले हैं। जिन्होंने हिमाचल को लूटा है, उनको विदाई देने का अवसर आपके सामने है।’ 
 
उन्होंने कहा ‘मैं आपसे अर्ज करता हूं कि जब आप 9 तारीख को बटन दबाएंगे, तो उस वक्त पठानिया जी के योगदान को याद कर लेना। जब आप आजादी के महापुरुष को याद कर बटन दबाएंगे तो सही बटन दबेगा और सही सरकार बनेगी।’
 
डोकलाम गतिरोध के दौरान चीन के राजदूत से मिलने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा कि जिस नेता के पिता, दादा और दादी के पिता देश के प्रधानमंत्री रहे और जो सत्तारूढ़ परिवार में जन्मा एवं पला-बढ़ा, वह अपमानजनक तरीके से काम कर रहा है।
 
प्रधानमंत्री ने कांगड़ा के रैहन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिन्होंने हिमाचल को लूटा, उन्हें विदाई देने का वक्त आ गया है। जनता हिमाचल में रिकार्ड तोड़ मतों से भाजपा सरकार बनाये। तभी कांग्रेस को सबक मिलेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि चुनाव में हराकर कांग्रेस को सजा देनी चाहिए। कांग्रेस महात्मा गांधी वाली पार्टी नहीं रही। कांग्रेस जातिवाद का जहर फैलाने वाली बन गई है।
 
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की हिम्मत की दाद देनी पड़ेगी। कुछ नहीं बचा है, लेकिन फिर भी जनता को सफाई देते जा रहे हैं। ‘मुझे लग रहा है कि कांग्रेस अब एक ‘लाफिंग क्लब’ बन गई है। 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके मुख्यमंत्री किस मुद्दे पर जमानत पर हैं। उन पर गंभीर आरोप लगे हैं, इसके बावजूद वे अपनी पार्टी का घोषणा-पत्र दिखा रहे हैं और कह रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो भ्रष्टाचार के प्रति उनका रुख कतई बर्दाश्त नहीं करने का होगा। अब बताइए, ये उनकी हिम्मत ही तो है। कोई और दल का नेता होता तो मुंह छिपाकर भाग जाता।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़ी हुई सोच का नमूना है। उन्होंने कहा क‌ि नेहरू के समय पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार जैसे नेताओं के प्रयासों से कांग्रेस का मुकाबला करने के लिए जनसंघ का जन्म हुआ। वे (कांग्रेस के नेता) कहते थे कि जनसंघ को उखाड़ फेंकेंगे लेकिन हमने कीचड़ में भी कमल खिलाया। अब हम सड़ी सोच से देश को मुक्त कराएंगे। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पेटीएम ने इनबाक्स का नया फीचर जोड़ा