Publish Date: Thu, 30 Sep 2021 (20:18 IST)
Updated Date: Thu, 30 Sep 2021 (20:22 IST)
जयपुर। दिल्ली के बाद अब राजस्थान सरकार ने भी दीपावली को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 1 अक्टूबर से 31 जनवरी 2022 तक आतिशबाजी बेचने और चलाने पर रोक लगा दी है। साथ ही पटाखा विक्रेताओं को इस साल लाइसेंस भी जारी नहीं किए जाएंगे।
खबरों के अनुसार, राजस्थान गृह विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए 1 अक्टूबर से 31 जनवरी 2022 तक आतिशबाजी बेचने और चलाने पर रोक लगाई है। सरकार के इस आदेश को पिछले साल राजस्थान फायरवर्क्स डीलर एंड मैन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन व अन्य ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
हालांकि सरकार के इस फैसले पर हिंदूवादी संगठनों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि यह हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है। संगठनों ने चेतावनी दी है सरकार के इस फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।