उत्तर प्रदेश में भगवा रंग का खुला राज...

Webdunia
रविवार, 7 जनवरी 2018 (00:47 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश हज समिति के कार्यालय की चहारदीवारी पर चटख भगवा रंग लगाने को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही भाजपा सरकार ने शनिवार को स्वीकार किया कि ठेकेदार ने लापरवाही बरती है।
 
 
राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय की रंगाई-पुताई व अनुरक्षण के कार्य में ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतने पर राज्य हज समिति के सचिव व कार्यपालक अधिकारी आरपी सिंह ने इसका तत्काल संज्ञान लेकर दिए गए निर्देशों के अनुसार कार्य में सुधार कराने के साथ ही सम्बन्धित ठेकदार के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।'
 
सिंह ने बताया कि विधानसभा मार्ग स्थित उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय की रंगाई पुताई एवं अनुरक्षण का कार्य हज समिति द्वारा ठेकेदार के माध्यम से पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुसार कराया जा रहा था, जिसमें लापरवाही बरती गई।
 
उन्होंने कहा कि इसके बारे में कतिपय समाचार पत्रों में खबरें भी प्रकाशित हुई थीं। इसी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने मौके पर जाकर कार्य का निरीक्षण किया और पाया कि 'जो रंग चहारदीवारी का करने के निर्देश दिए गए थे उसमें लापरवाही बरती गई और निर्देशों के विपरीत रंग को कुछ अधिक गाढ़ा कर दिया गया।'
 
उन्होंने कहा कि इसे तत्काल रोक दिया गया और निर्देशों के अनुसार ही चहारदीवारी की रंगाई-पुताई व अनुरक्षण का कार्य कराने के निर्देश सम्बन्धित को दिए। राजधानी में मुख्यमंत्री कार्यालय और कुछ अन्य भवनों के बाद उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय की बाहरी दीवारें भगवा रंग में रंग दी गई थीं।
 
दीवारों पर भगवा पेंट राज्य संपत्ति विभाग की ओर से परसों कराया गया। इस प्रकरण पर सपा प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कल कहा था कि भाजपा रंग बदलने के लिए जानी जाती है। वह केवल अपनी गलतियों और विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसा कर रही है।
 
ऑल इंडिया शिया पर्सनल ला बोर्ड के प्रवक्ता यासूब अब्बास ने गहरी आपत्ति प्रकट करते हुए कहा कि ये सब क्या है। भाजपा भगवा रंग रंगेगी, सपा हरा चुनेगी और बसपा नीला...। यह रंग की राजनीति है, जिससे बचा जाना चाहिए।
 
संपर्क करने पर अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने बताया था, 'मुझे उन लोगों की बात समझ नहीं आती जिन्हें नए रंग से दिक्कत है। क्या भगवा राष्ट्रविरोधी रंग है? भगवा उजाले और ऊर्जा का प्रतीक है।' उन्होंने कहा, 'जब सूरज की पहली किरण धरती पर पड़ती है तो यह भगवा रोशनी के साथ आती है।'
 
रजा ने कहा कि भगवा रंग सकारात्मकता का प्रतीक है। यह भगवान का तोहफा है। मुझे लगता है कि जो हज समिति के कार्यालय की दीवारों पर भगवा रंग लगाने के खिलाफ हैं, वे तिरंगे के केसरिया रंग पर भी आपत्ति कर सकते हैं। कुल मिलाकर सरकारी कार्यालय की बाहरी दीवारों को पेंट किया गया है ना कि उसके भवन या किसी की निजी संपत्ति को।
 
भगवा रंग अधिकांशतया हिन्दुत्व से जोड़ा जाता है विशेषकर संघ परिवार से, जिसका भाजपा हिस्सा है। लाल बहादुर शास्त्री भवन एनेक्सी के आगे की दीवारों को भी भगवा रंग से रंगा गया है। यहां मुख्यमंत्री और शीर्ष अधिकारियों के दफ्तर हैं।
 
मार्च 2017 में पद संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवा रंग को लेकर अपनी रुचि प्रदर्शित की थी क्योंकि राज्य सरकार ने सरकारी बुकलेट के कवर और जनसंपर्क विभाग एवं मंत्रालयों की ओर से जारी होने वाले सरकारी पोस्टरों को भगवा रंग दिया।
 
पिछले वर्ष अक्‍टूबर में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 50 बसें 'संकल्प सेवा' के नाम से शुरू की गईं। ग्रामीण इलाकों के लिए शुरू की गई इस सेवा में उपयोग हो रही बसें भगवा रंग की हैं। ऊर्जा मंत्रालय ने भी ऐलान किया कि अनधिकृत कॉलोनियों को दिए जाने वाले बिजली कनेक्शन भगवा रंग से रंगे खंभों के जरिए ​दिए जाएंगे।
 
भगवा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पसंदीदा रंग है। यहां तक कि बैठकों या सम्मेलनों में वह जिन कुर्सियों पर बैठते हैं, उन पर भगवा रंग का तौलिया होता है। योगी स्वयं भगवा रंग के वस्त्र पहनते हैं और उनके अनुयाई उन्हें महाराज के नाम से पुकारते हैं। दिलचस्प बात है कि योगी के क्षेत्र गोरखपुर स्थित ऐतिहासिक घंटाघर भी भगवा रंग से रंगा हुआ है। (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

कौन थे रजाकार, कैसे सरदार पटेल ने भैरनपल्ली नरसंहार के बाद Operation polo से किया हैदराबाद को भारत में शामिल?

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ में बंजारुमाले गांव में हुआ 100 प्रतिशत मतदान

धीरेंद्र शास्‍त्री के भाई ने फिर किया हंगामा, टोल कर्मचारियों को पीटा

प्रवेश द्वार पर बम है, जयपुर हवाई अड्‍डे को उड़ाने की धमकी

दिल्ली में देशी Spider Man और उसकी Girlfriend का पुलिस ने काटा चालान, बाइक पर झाड़ रहा था होशियारी

बहू को हुआ सास से प्‍यार, पति के साथ नहीं सोने देती है, सास हुई परेशान

UP के डिप्टी सीएम मौर्य बोले, एक और पाकिस्तान बनाने का जहर बो रही है कांग्रेस

धनंजय सिंह को मिली इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत, नहीं लड़ सकेंगे चुनाव

कौन है जेल से 20 दिन की पैरोल पर बाहर आया फलाहारी बाबा, क्‍या था मामला?

कांग्रेस का दावा, 2जी स्पेक्ट्रम मामले में दिखा भाजपा का पाखंड

अगला लेख