Publish Date: Mon, 26 Sep 2022 (19:43 IST)
Updated Date: Mon, 26 Sep 2022 (19:52 IST)
अंबरनाथ। महाराष्ट्र के अंबरनाथ से दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। अंबरनाथ पूर्व के ग्रीन सिटी परिसर क्षेत्र में सोमवार सुबह छात्रों को ले जा रही एक स्कूल बस रिवर्स लेते समय हादसे का शिकार हो गई। गनीमत रही कि किसी बच्चे को चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने बस को रिवर्स लिया था। इसी दौरान अनियंत्रित बस पलट गई। बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन लोगों ने बच्चों को सुरक्षित निकालना शुरू कर सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय बस में 17 से 18 छात्र सवार थे। बस के पलटते ही छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी को चोट नहीं आई। बस छात्रों को इनरविल स्कूल ले जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह बस स्कूल की नहीं, बल्कि निजी बस थी। बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।