महाराष्ट्र : नौसेना के अपहृत नाविक को जिंदा जलाया, अपहरणकर्ताओं की तलाश जारी

Webdunia
शनिवार, 6 फ़रवरी 2021 (23:42 IST)
पालघर। चेन्नई से 30 जनवरी को अपहृत नौसेना के 26 साल के नाविक को अपहरणकर्ताओं ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में जिंदा जला दिया था और बाद में उसकी मौत हो गई। जिला पुलिस ने शनिवार को बताया कि नाविक सूरज कुमार दुबे की शुक्रवार को मुंबई के अस्पताल में शिफ्ट करने के दौरान मौत हो गई।

पालघर पुलिस के प्रवक्ता सचिन नवाडकर ने बताया कि दुबे रांची के रहने वाले थे और कोयंबटूर में आईएनएस अग्रणी पर तैनात थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुबे 30 जनवरी को छुट्टी से लौट रहे थे, तभी चेन्नई हवाईअड्डे के बाहर रात करीब नौ बजे तीन लोगों ने बंदूक का भय दिखाकर उनका अपहरण कर लिया और 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी।

दुबे को चेन्नई में तीन दिन बंधक बनाकर रखा गया, बाद में उन्हें महाराष्ट्र के पालघर जिले के तलासरी इलाके के वेवजी ले जाया गया। यह जगह मुंबई के नजदीक और चेन्नई से 1,400 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह अपहरणकर्ताओं ने दुबे के हाथ-पैर बांधे और घोलवाड़ के निकट जंगलों में उन्हें जिंदा जलाकर मरने के लिए छोड़कर फरार हो गए। दुबे को स्थानीय लोगों ने दहानु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि उनका शरीर 90 प्रतिशत तक जल चुका था, उन्हें मुंबई स्थित नौसेना अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।अधिकारी ने बताया कि दुबे ने मृत्यु पूर्व अपने बयान में पूरी कहानी बताई।

नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि अपहरण की घटना के वक्त दुबे अवकाश पर थे और शुक्रवार को पालघर में 90 प्रतिशत जली हुई अवस्था में मिले। उन्हें नौसेना के अस्पताल आईएनएचएस अश्विनी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य आरोपों में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।(भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाया 25 प्रतिशत टैरिफ, क्या बोली मोदी सरकार

RBI क्यों खरीद रहा भर-भर कर सोना, क्या देश में आने वाला है संकट, जानिए सच

प्रेमानंदजी का जवाब सुन देश की महिलाएं भड़क गईं, आखिर क्या है पूरा मामला

22 दिनों तक जवानों ने ड्रोन से भेजा खाना खाया, कैसे किया आतंकियों का काम तमाम, अमित शाह ने बताया पूरा ऑपरेशन

राज्यसभा में किसने ट्रंप को बताया चाचा चौधरी, संसद से कर दी यह मांग

सभी देखें

नवीनतम

LIVE: अमेरिका ने पाकिस्तान से समझौता किया, ट्रंप का ऐलान

Weather Update : राजस्थान में भारी बारिश का कहर, कई नदियां उफान पर, बांधों के गेट खोले

'हिट एंड रन' केस में असमिया फिल्म अभिनेत्री गिरफ्तार, दुर्घटना में एक युवक की हुई थी मौत

हिन्दू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता, संसद में खूब गरजे अमित शाह

भारत के साथ व्यापार वार्ता से क्‍यों निराश हैं डोनाल्‍ड ट्रंप?

अगला लेख