Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

चमोली : सुमना से 11 मृतकों के शव रेस्क्यू कर जोशीमठ लाए गए

हमें फॉलो करें चमोली : सुमना से 11 मृतकों के शव रेस्क्यू कर जोशीमठ लाए गए

निष्ठा पांडे

, रविवार, 25 अप्रैल 2021 (19:11 IST)
चमोली। चमोली के आपदा प्रभावित क्षेत्र सुमना में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। रविवार को घटना स्थल से एक और शव बरामद किया गया। वायुसेना के हेलीकॉप्टर द्वारा सुमना से 11 मृतकों के शव रेस्क्यू कर जोशीमठ लाए गए।सेना ने बीआरओ से अपने श्रमिकों और कर्मचारियों की सूची मांगी है, जिसके अनुसार लापता व्यक्तियों की खोज की जा रही है।

जिला प्रशासन की पूरी टीम मुस्तैदी से राहत कार्यों में जुटी है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान विगत शनिवार से जोशीमठ में कैंप कर हर पल रेस्क्यू कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिला प्रशासन लगातार सेना, आईटीबीपी और बीआरओ से समन्वयन बनाकर आपदा की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जोशीमठ में शवों के पोस्टमार्टम के लिए शव वाहन सहित पोस्टमार्टम टीम तैनात की गई है। जिलाधिकारी ने परिजनों को शवों की सुपुर्दगी करने तथा सभी मृतकों का शीघ्र मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि मृतकों के परिजनों को मानक के अनुसार जल्द से जल्द अनुमन्य सहायता राशि दी जा सके। तहसील प्रशासन ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
webdunia

बीआरओ, आईटीबीपी, एसडीआरएफ के जवान बर्फ हटाकर सड़क मार्ग खोलने में दिन-रात जुटे हैं। आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत क्षति का आंकलन करने हेतु रविवार को आईजी एलओ मुर्गेशन, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान एवं राजस्व टीम ने हैली से घटनास्थल पर पहुंचने का प्रयास भी किया, परंतु विकट परिस्थितियों के कारण सुमना में हैली लैंड नहीं हो सका।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सुमना में चल रहे रेस्क्यू कार्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि सुमना में 384 लोग सुरक्षित मिले हैं और 11 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जिनको सीएचसी जोशीमठ लाया गया है। यहां पर सभी शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जोशीमठ में पोस्टमार्टम टीम सहित शव वाहन तैनात किया है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को एसडीआरएफ मानकों के अनुसार सहायता धनराशि दी जाएगी। सुमना में हिमस्खलन में 7 घायलों को कल रेस्क्यू किया गया, जिसमें से 6 को आर्मी अस्पताल जोशीमठ मे भर्ती किया गया और एक घायल को देहरादून रैफर किया गया था। आज एक अन्य घायल व्यक्ति को जोशीमठ अस्पताल से देहरादून रैफर किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि घटना स्थल पर रेस्क्यू का कार्य लगातार जारी है, साथ ही सड़क से बर्फ हटाकर मार्ग खोलने के लिए भी युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। यहां पर सेना, आईटीबीपी, बीआरओ, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के द्वारा मौके पर राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं।

सुमना हिमस्खलन में दबने से जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनमें मनोज तोमदार, मसीहा दास मार्की, साजन कंडुलना, पाल कंडुलना, नायरन कंडुलना, हनूक कंडुलना, निर्मल सैंदिल, सुखराम मुंडा, रोहित सिंह, तारनी सिंह, राहुल कंवर शामिल हैं। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

CoronaVirus Live Updates : गहलोत सरकार का बड़ा फैसला : 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को मुफ्त लगेगी कोरोना वैक्सीन