Publish Date: Fri, 28 Dec 2018 (11:29 IST)
Updated Date: Fri, 28 Dec 2018 (11:33 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ हुई। न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 91 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों ने धुंध की आशंका के साथ दिन भर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, शनिवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 2014 के बाद से शहर में दिसंबर का सबसे सर्द दिन रहा। अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)