Publish Date: Sun, 27 May 2018 (14:42 IST)
Updated Date: Sun, 27 May 2018 (14:49 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश में गर्मी का कहर जारी है और गर्मी ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान से बरस रही आग लोगों को झुलसा रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को राजधानी लखनऊ में तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक यानी 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते 10 सालों में मई इतना गर्म कभी नहीं रहा।
लखनऊ ही नहीं, राज्य के ज्यादातर शहरों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड हुआ। इलाहाबाद 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। झांसी, आगरा, उरई में भी पारा 46 डिग्री सेल्सियस पार गया। सुल्तानपुर में तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि राज्य के अधिकतर शहर लू की चपेट में हैं। पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। पश्चिमी उत्तरप्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा।
लू से बचाव के उपाय : इस बीच राहत आयुक्त संजय कुमार ने कहा है कि जनसामान्य लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, तरल पदार्थ जैसे छाछ, नींबू पानी, पना आदि का उपयोग करें। यात्रा करते समय पानी साथ रखें, निर्जलीकरण से बचने के लिए ओआरएस का प्रयोग करें, संतुलित हल्का व नियमित भोजन करें, अधिक प्रोटीन वाले तथा बासी खाना खाने से बचें। (भाषा)