Hanuman Chalisa

हॉकी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया से हारा भारत

Webdunia
सोमवार, 23 नवंबर 2015 (09:12 IST)
रायपुर। भारत शुरूआती बढ़त को बनाए रखने में नाकाम रहा और आखिरी क्वार्टर में दो गोल गंवाने के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे हॉकी टेस्ट मैच में उसे रविवार को  यहां सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत से तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली है। 
पहला क्वार्टर गोलरहित छूटने के बाद देविंदर वाल्मिकी के 23वें मिनट में किए गए गोल की मदद से भारत ने तीसरे क्वार्टर तक 1-0 की बढ़त बना रखी थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी क्वार्टर में गजब का खेल दिखाकर वापसी की।

ऑस्ट्रेलिया ने चौथे क्वार्टर के शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए और उसने लगातार दो गोल दागे। उसकी तरफ से बराबरी का गोल जैकब वेटन (47वें मिनट) ने किया जबकि इसके तुरंत बाद एरेन जालेवस्की (48वें मिनट) ने उसे बढ़त दिलाई। 
 
उनका यह गोल आखिर में निर्णायक साबित हुआ। भारतीय डिफेंडरों और मिडफील्डरों ने खेल के अधिकतर समय अच्छी हॉकी का प्रदर्शन किया लेकिन स्ट्राइकर उनके मूव को गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे।

विश्व चैंपियन टीम ने शुरू में आक्रमण किया लेकिन पी आर श्रीजेश ने भारतीय गोल को अच्छी तरह से संभाले रखा। भारतीय रक्षकों ने ऑस्ट्रेलिया को इस आक्रमण का कोई फायदा नहीं उठाने दिया।

भारत ने दूसरे क्वार्टर में बढ़त बनाई जबकि आमिर खान जवाबी हमला करते हुए आगे बढ़े। उन्होंने पेनल्टी सर्कल में मौजूद वाल्मिकी को गेंद थमाई जिन्होंने एक शाट में उसे गोल के हवाले कर दिया। 
 
लेकिन एक गलती के बाद दूसरी गलती करने से भारत ने लगातार दो गोल गंवा दिए। इसके बाद भारतीय टीम ने वापसी की काफी कोशिश की लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने गोल बचाने में अपनी पूरी ताकत लगा दी। भारतीयों की निराशा का आलम यह था कि आखिरी क्षणों में मनप्रीत सिंह को पीला कार्ड भी दिखाया गया। 
 
भारत के हाई परफॉरमेन्स निदेशक और मुख्य कोच रोलेंट ओल्टमैन्स ने कहा, ‘हमने अच्छा खेल दिखाया लेकिन आखिरी क्वार्टर में एक छोटी गलती हमें महंगी पड़ी। हमने विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ दबदबा बनाया। हमें इस मैच से सबक लेना होगा। हमने आक्रमण अच्छा किया लेकिन हमारी रक्षापंक्ति को सतर्क रहने की जरूरत है। उम्मीद है कि सोमवार को हम बेहतर खेल दिखाएंगे।’ 
 
इन दोनों टीमों के बीच राजनांदगांव में खेला गया पहला मैच 2-2 से बराबर छूटा था। तीसरा और आखिरी मैच आज इसी स्टेडियम पर खेला जाएगा। यह श्रृंखला 27 नवंबर से छह दिसंबर के बीच रायपुर में ही होने वाले हीरो हॉकी विश्व लीग फाइनल्स की तैयारियों के सिलसिले में आयोजित की गई है। (भाषा)
Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

10 हार, 3 सीरीज गंवाई, भारतीय जमीन पर 21वीं सदी के सबसे खराब टेस्ट कोच

WTC Points Table में भारत पाकिस्तान से भी नीचे खिसका

INDvsSA ODI मैच पहली बार खेला गया इस नियम से, बल्लेबाजों को हुआ फायदा

वैभव को नहीं उनके के दोस्त को मिली U19 टीम की कप्तानी, जो हैं CSK का ओपनर

WTC के बाद दूसरे नंबर पर यह जीत, टेम्बा बावुमा भारतीय किला फतह करने के बाद बोले