लगातार तीसरी जीत से ISL के शीर्ष पर पहुंचा एफसी गोवा

Webdunia
सोमवार, 29 अक्टूबर 2018 (00:14 IST)
मडगांव। फेरान कोरोमिनास के दो गोल की मदद से बदौलत एफसी गोवा ने रविवार को फातोर्दा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के मैच में एफसी पुणे सिटी को 4-2 से हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। 
 
 
इस शानदार जीत से एफसी गोवा अंकतालिका में शीर्ष पर भी पहुंच गया है। पुणे की यह लगातार तीसरी हार है और वह सबसे निचले स्थान पर है। 
 
गोवा के लिए कोरोमिनास (पांचवें, 35वें मिनट), हुगो बोउमोस (12वें) तथा जैकीचंद सिंह (20वें) ने गोल किए। इस मैच के सभी गोल पहले हाफ में हुए। पुणे की ओर से मासेलिन्हो ने आठवें और एमिलियानो एल्फारो ने 23वें मिनट में गोल किया। 
 
पिछले तीन मैचों में 10 गोल करने वाली गोवा की टीम ने पांचवें ही मिनट में अपना जलवा दिखाते हुए गोल दाग दिया। यह गोल कोरोमिनास ने किया। उन्होंने पांचवें सत्र का अपना पांचवां गोल अहमद जाहो की मदद से किया। 
 
पुणे ने हालांकि आठवें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। यह गोल उसके स्टार मार्सेलिन्हो ने किया और इसमें रोबिन सिंह ने उनकी मदद की। पुणे की टीम बराबरी के इस गोल की खुशी अभी ठीक से मना भी नहीं पाई थी कि गोवा ने एक और गोल करते हुए फिर से बढ़त बना ली। गोवा के लिए यह गोल 12वें मिनट में बोउमोस ने किया और कोरोमिनास ने इसमे उनकी मदद की।
 
गोवा की टीम यही नहीं रुकी। उसने 20वें मिनट में एक और गोल कर अपनी बढ़त को 3-1 कर दिया। उसके लिए तीसरा गोल जैकीचंद सिंह ने किया। इस बार भी कोरोमिनास ने गोल करने में अपने साथी की मदद की। 
 
पुणे ने भी दबाव नहीं बनने दिया और उसने 23वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 2-3 कर दिया। पुणे को मैच में वापस लाने वाला यह गोल कप्तान एल्फारो ने जोनाथन विला की मदद से किया।
 
मार्सेलिन्हो 28वें मिनट में फ्री किक पर गोल करने से चूक गए। बदले में 30वें मिनट में गोवा ने एक अच्छा हमला किया लेकिन वह नाकाम रहा। मार्सेलिन्हो ने हालांकि 35वें मिनट में एक और गोल दागकर पुणे के खेमे में खलबली मचा दी। यह उनका इस सत्र का छठा गोल है और वह अब सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। पुणे ने दूसरे हाफ में वापसी के लिए कोशिश की लेकिन गोवा ने उसके प्रयासों को आसानी से नाकाम किया। 

सम्बंधित जानकारी

Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

लीड्स की हार का एकमात्र सकारात्मक पहलू: बल्लेबाजी में बदलाव पटरी पर

ICC के नए टेस्ट नियम: स्टॉप क्लॉक, जानबूझकर रन पर सख्ती और नो बॉल पर नई निगरानी

बर्फ से ढंके रहने वाले इस देश में 3 महीने तक फुटबॉल स्टेडियमों को मिलेगी 24 घंटे सूरज की रोशनी

The 83 Whatsapp Group: पहली विश्वकप जीत के रोचक किस्से अब तक साझा करते हैं पूर्व क्रिकेटर्स

क्या सुनील गावस्कर के कारण दिलीप दोषी को नहीं मिल पाया उचित सम्मान?

अगला लेख