Publish Date: Mon, 18 Sep 2017 (23:15 IST)
Updated Date: Mon, 18 Sep 2017 (23:18 IST)
मैड्रिड। तीसरी बार यूएस ओपन का खिताब जीतने वाले विश्व के नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल ताजा पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
एटीपी की ओर से जारी ताजा रैंकिंग में स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर दूसरे और चोट के कारण यूएस ओपन से बाहर रहे ब्रिटेन के एंडी मरे तीसरे नंबर पर कायम हैं। मरे को पिछले सप्ताह एक स्थान का नुकसान हुआ था।
पिछली बार दो स्थान का सुधार करने वाले जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव और क्रोएशिया के मारिन सिलिक क्रमश: चौथे और पांचवें नंबर पर हैं। मरे की तरह यूएस ओपन से बाहर रहे सर्बिया के नोवाक जोकोविच छठे स्थान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थीएम सातवें नंबर पर हैं।
इसके अलावा स्विट्जरलैंड के स्टानिलास वावरिंका आठवें स्थान पर हैं। बीते सप्ताह वावरिंका को चार स्थान का नुकसान हुआ था। बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव नौवें स्थान पर बरकरार हैं। वहीं स्पेन के पाब्लो कारेनो बुस्टा शीर्ष 10 में बने हुए हैं। (वार्ता)