Festival Posters

आईपीटीएल कोई प्रदर्शनी टूर्नामेंट नहीं : फेडरर

Webdunia
रविवार, 13 दिसंबर 2015 (17:24 IST)
नई दिल्ली। इंटरनेशनल टेनिस प्रीमियर लीग (आईपीटीएल) के 2 सत्रों में सफलतापूर्वक हिस्सा लेने वाले स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर का मानना है कि यह लीग कोई प्रदर्शनी टूर्नामेंट नहीं है।
फेडरर आईपीटीएल के दोनों सत्रों में खेल चुके हैं। वे पहले सत्र में इंडियन एसेस का हिस्सा थे जबकि इस बार वे यूएई रॉयल्स की ओर से खेल रहे हैं। 17 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन फेडरर को शनिवार रात स्पेन के राफेल नडाल ने आईपीटीएल के दिल्ली चरण में पराजित किया।
 
34 वर्षीय फेडरर ने कहा कि सवाल यह है कि प्रदर्शनी मैच क्या होता है? ऑस्ट्रेलिया में निकलोडियन शैली में किड्स डे प्रदर्शनी मैच होता है, जहां आप खेलते हो और स्कूबी डू के साथ रोमांच करते हैं। यह स्कूबी डू नहीं है इसलिए स्पष्ट तौर पर हम गंभीर टेनिस खेल रहे हैं।
 
स्विस स्टार ने कहा कि मेरे और नडाल के मैच को देखने के लिए 15,000 लोग मौजूद थे, जो टेनिस को लेकर गंभीर हैं इसलिए सवाल यह है कि दर्शक कैसे हैं? क्या दर्शकों में 10 साल के बच्चों की भरमार है। यह किड्स डे है या वे इसलिए आए हैं, क्योंकि लोग गंभीर टेनिस देखना चाहते हैं और इंडियन एसेस और यूएई रॉयल्स का समर्थन करना चाहते हैं।
 
फेडरर ने कहा कि यह इस पर निर्भर करता है कि हम इसे कैसे देखते हैं। मुझे लगता है कि यह गंभीर टेनिस है जिसमें अपनी टीम की ओर से खेलते हुए थोड़ा मजा भी है। उनके साथ लीग के संस्थापक महेश भूपति भी मौजूद थे। 
 
आईपीटीएल की 5 फ्रेंचाइजियों में कई पूर्व स्टार हैं जिसमें गोरान इवानिसेविच, फैब्रिस सांतोरो, मार्क फिलिप्पोसिस और मरात साफिन शामिल हैं, जो भारतीय चरण के लिए दिल्ली में आए थे।
 
उन्होंने साथ ही कहा कि वे विशेष तौर पर लीजेंड्स से प्रभावित हैं, जो टूर्नामेंट में उनके साथ खेल रहे हैं। स्विस स्टार ने कहा कि इसे काफी जज्बे और खेल भावना के साथ खेला जा रहा है। टीम में लीजेंड्स को खेलते हुए देखना शानदार है। 
 
उन्होंने ही कहा कि इतना अच्छा खेलने के लिए मैं उनकी सराहना करना चाहता हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि जो वे कर रहे हैं वह उनके लिए मुश्किल है। निजी तौर पर मुझे यह पसंद है इसलिए इसे प्रदर्शनी कहिए या नहीं, मुझे नहीं पता यह क्या है लेकिन यह मजेदार है और इसलिए मैं यहां दोबारा आया हूं।
 
आईपीटीएल के तीसरे सत्र में खेलने को लेकर फेडरर ने कहा कि मैं अभी तक इसे लेकर कुछ नहीं कह सकता कि मैं अगले सत्र में खेलूंगा या नहीं लेकिन मैंने इसका भरपूर लुत्फ उठाया है और यही कारण है कि मैं इस साल भी यहां आया। मुझे देखना होगा कि अगले साल मैं खेलूंगा या नहीं, क्योंकि यह व्यस्त साल है।
 
34 वर्षीय स्विस स्टार ने कहा कि मुझे देखना होगा कि साल के शुरुआती 3 महीने कैसे रहते हैं और इसके बाद बात होगी। मुझे इस बारे में फैसला करने से पहले कई लोगों से बात करनी होगी और इसमें मेरी पत्नी भी शामिल है। फेडरर ने कहा कि अगर उन्हें व्यस्त कार्यक्रम के बीच मौका मिला और उनका परिवार राजी हुआ तो वे भारत में छुट्टियां बिताना पसंद करेंगे।
 
फेडरर ने कहा कि आपको पता है कि मैं बहुत व्यस्त हूं। मेरे छोटे बच्चे हैं और मुझे नहीं पता कि जब यह कम हो जाएगा और टूर्नामेंट नहीं होंगे तो वे घूमना-कितना पसंद करेंगे। जहां तक भारत की यात्रा का सवाल है तो आप सप्ताहांत दौरे पर भारत नहीं आ सकते इसलिए मैं जब भी यहां छुट्टियों के लिए आऊंगा तो पूरा समय निकालकर आऊंगा।
 
उन्होंने अगले साल ओलंपिक की मिश्रित युगल स्पर्धा में हमवतन मार्टिना हिंगिस के साथ जोड़ी बनाने के संदर्भ में कहा कि मैं इसे लेकर काफी रोमांचित हूं। वे मेरी हीरो हैं। जब उन्होंने विंबलडन जीता था तो मैं 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय टेनिस सेंटर में अभ्यास करता था इसलिए उन्होंने जो किया उस पर मुझे विश्वास नहीं हुआ और यह देखना शानदार है कि वे अब भी खेल रही हैं। हम ओलंपिक में साथ खेलने को लेकर उत्सुक हैं। (वार्ता) 
Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

10 हार, 3 सीरीज गंवाई, भारतीय जमीन पर 21वीं सदी के सबसे खराब टेस्ट कोच

WTC Points Table में भारत पाकिस्तान से भी नीचे खिसका

INDvsSA ODI मैच पहली बार खेला गया इस नियम से, बल्लेबाजों को हुआ फायदा

वैभव को नहीं उनके के दोस्त को मिली U19 टीम की कप्तानी, जो हैं CSK का ओपनर

WTC के बाद दूसरे नंबर पर यह जीत, टेम्बा बावुमा भारतीय किला फतह करने के बाद बोले