Publish Date: Tue, 12 Sep 2017 (16:59 IST)
Updated Date: Tue, 12 Sep 2017 (17:01 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय डोपिंगरोधी एजेंसी (नाडा) ने 2014 में एशियाई खेलों में महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतने वाली धाविका प्रियंका पवार पर डोप टेस्ट में विफल रहने के कारण आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया है।
29 साल की प्रियंका को गत वर्ष हैदराबाद में हुई राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दौरान दो जुलाई को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाया गया था। इसके बाद 29 जुलाई को उन पर अस्थाई प्रतिबंध लगा दिया गया था।
प्रियंका पर इससे पहले 2011 में भी पांच अन्य एथलीटों के साथ डोप टेस्ट में पॉजीटिव पाए जाने के बाद दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था। नाडा ने साथ ही उनके सभी पदक भी जब्त करने के आदेश दिए हैं। प्रियंका के केवल उन्हीं पदकों को जब्त किया जाएगा, जो उन्होंने नमूने देने के बाद जीते हैं। (वार्ता)