Publish Date: Wed, 24 Sep 2025 (18:41 IST)
Updated Date: Wed, 24 Sep 2025 (18:48 IST)
Share Market Update News : स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 386 अंक के नुकसान में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी 112 अंक टूटा। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी और अमेरिकी एच-1बी वीजा शुल्क में वृद्धि से निवेशकों की धारणा पर असर पड़ना जारी है। सेंसेक्स मंगलवार को 57.87 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 32.85 अंक की गिरावट रही थी।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 386.47 अंक यानी 0.47 प्रतिशत टूटकर 81,715.63 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 494.26 अंक तक लुढ़क गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 112.60 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,056.90 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और एचसीएल टेक शामिल है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,551.19 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, जीएसटी सुधारों के बाद घरेलू बाजारों में मुनाफावसूली देखी गई है।
नायर ने कहा, निवेशक मूल्यांकन और दूसरी तिमाही की आय अपेक्षाओं को पुनः निर्धारित कर रहे हैं। एच-1बी शुल्क वृद्धि के कारण आईटी शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा, जबकि जारी व्यापार वार्ताओं के बीच अमेरिकी व्यापार संबंधी बयान और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।
नायर ने कहा कि देश में अपेक्षाकृत उच्च मूल्यांकन और आय वृद्धि में नरमी के कारण एफआईआई अपनी स्थिति कम कर रहे हैं। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए।
यूरोप के शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नकारात्मक दायरे में बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.44 प्रतिशत बढ़कर 67.93 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। सेंसेक्स मंगलवार को 57.87 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 32.85 अंक की गिरावट रही थी। (इनपुट एजेंसी)
Edited By : Chetan Gour