Publish Date: Fri, 01 Feb 2019 (15:36 IST)
Updated Date: Fri, 01 Feb 2019 (16:44 IST)
नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्री और लोकजन शक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने बजट प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने ऐसा छक्का मारा है कि विपक्षी दल गेंद ढूंढते रह जाएंगे।
वित्तमंत्री पीयूष गोयल द्वारा शुक्रवार को लोकसभा में पेश अंतरिम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पासवान ने कहा, सरकार ने ऐसा छक्का मारा है कि विपक्षी नेता चुनाव तक गेंद ही ढूंढते रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक है। पहली सर्जिकल स्ट्राइक जवानों ने सीमा पार ‘बुलेट’ से की है और यह दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक है जो ‘बैलट’ से होगी।
उन्होंने कहा कि आम चुनाव में राजग सरकार को 400 सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि किसी ने सोचा था कि आयकर में छूट की सीमा 5 से 6 लाख हो जाएगी या किसानों को इस तरह की सौगात दी जाएगी। बजट में आयकर छूट की सीमा बढ़ाकर पांच लाख रुपए कर दी गई है जिससे करीब तीन करोड़ करदाताओं को लाभ होने की उम्मीद है।