Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बाबरी का सपना देखने वालों पर भड़के CM योगी आदित्यनाथ, दी बड़ी चेतावनी

कहा- जो यह सपना देख रहे हैं, वे सड़-गल जाएंगे, कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे, कानून तोड़ने वाले सीधे जहन्नुम जाएंगे

Advertiesment
हमें फॉलो करें Yogi adityanath

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बाराबंकी , मंगलवार, 10 फ़रवरी 2026 (19:23 IST)
CM Yogi Adityanath News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हुंकार भरते हुए उन लोगों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है जो आज भी 'बाबरी ढांचे' का सपना संजोए बैठे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि कयामत का दिन कभी आने वाला नहीं है, जो लोग इसका सपना देख रहे हैं, वे सड़-गल जाएंगे। हिंदुस्तान में कायदे में रहने वाले फायदे में रहेंगे। अगर कोई कानून तोड़कर जन्नत जाने का सपना देख रहा है तो उसका यह सपना कभी पूरा नहीं होने वाला। कानून तोड़ने वाले का रास्ता सीधा जहन्नुम की तरफ जाता है।
 
मुख्यमंत्री ने पूरी दृढ़ता के साथ कहा कि यह डबल इंजन सरकार पीएम मोदी के मार्गदर्शन में जो बोलती है, वह करके दिखाती है और जितना करती है, उतना ही बोलती है। हमने कहा कि रामलला आएंगे...। अब मंदिर भी बन गया है। हम विरासत को सम्मान देते हुए भारत व सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा को अक्षुण्ण रखेंगे। पीएम मोदी ने 25 नवंबर को अयोध्या में सनातन के प्रतीक श्रीराम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था, यह ध्वज सदा भारत व सनातन के गौरव को आगे बढ़ाएगा। 
 
मुख्यमंत्री मंगलवार को हिंद केसरी ब्रह्मलीन महंत बाबा हरिशंकर दास जी महाराज की पुण्य स्मृति में श्रीराम जानकी मंदिर, दुल्हदेपुर कुटी (बाराबंकी) में आयोजित दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्री रामार्चा पूजन में सम्मिलित हुए। सीएम ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं व उपलब्धियां गिनाने के साथ ही कहा कि बाराबंकी में जल्द ही विकास प्राधिकरण प्रारंभ होगा।

सीएम की दो टूक, कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे 

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्ष पश्चात यह गौरवशाली क्षण आया। इतने वर्षों में अनेक राजा-महाराजा आए। 1952 के बाद से अनेक सरकारें बनीं, लेकिन किसी से मन में यह नहीं आया कि भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या पर भव्य मंदिर निर्माण हो। राम सबके हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जो अवसरवादी रवैया अपनाते हैं। जब संकट आता है तो उन्हें राम याद आते हैं, बाकी समय राम को भूल जाते हैं। ऐसे लोगों को भगवान राम भी भूल चुके हैं, अब उनकी नैया कभी पार नहीं होनी है। रामभक्तों पर गोली चलाने वालों और रामकाज में बाधक रामद्रोहियों के लिए कोई जगह नहीं है। बाबरी ढांचे का सपना देखने वालों को योगी ने चेताया कि कयामत का दिन कभी नहीं आने वाला। कयामत के दिन के लिए मत जियो। हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो। यहां का कानून मानो, कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे। कानून तोड़ने वालों का रास्ता जन्नत नहीं, सीधे जहन्नुम की तरफ जाएगा। 

यह देश कभी कमजोर नहीं था

सीएम योगी ने कहा कि यह देश कभी कमजोर नहीं था। हमारे पास सब कुछ था। उन्होंने 2017 के पहले यूपी में फैली असुरक्षा का जिक्र किया। कहा, हर तीसरे-चौथे दिन किसी न किसी जनपद व शहर में कर्फ्यू-दंगे होते थे। परिवार का कोई सदस्य बाहर गया है और सूर्यास्त होते यदि घर नहीं आया तो घरवाले सशंकित रहते थे। गरीबों की जमीन पर कब्जा हो जाता था। सैकड़ों पहलवान तैयार करने वाले बाबा हरिशंकर दास का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि श्रीराम जानकी मंदिर की जमीन पर भी कब्जा करने का प्रयास हुआ। बाबा जी को गोली मार दी गई, लेकिन सरकार बदलते ही यूपी में सारी अराजकता गायब हो गई।
webdunia

उन्होंने कहा कि 2013 कुंभ में 12 करोड़ श्रद्धालु आए थे और इस वर्ष माघ मेला में अब तक 21 करोड़ श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं। अयोध्या व वाराणसी में पहले लाखों श्रद्धालु आते थे, अब वह संख्या करोड़ों में पहुंच गई है। 2024-25 में 122 करोड़ श्रद्धालु यूपी के धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने आए। महाकुम्भ में 66 करोड़ श्रद्धालु आए, यह संख्या बताती है कि यूपी में अब सुरक्षा और सुविधा है। बेटी सुरक्षित होगी तो समाज सुरक्षा का अहसास कर लेगा, व्यापारी सुरक्षित होगा तो उत्तर से दक्षिण तक सेतुबंध के रूप में कार्य करेगा। 

पहले भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया था विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। पहले यूपी में वेतन देने का पैसा नहीं था, लेकिन आज पैसे का उपयोग हर तबके के हित के लिए हो रहा है। छात्रों को बिना भेदभाव छात्रवृत्ति दी जा रही है। यूपी में अच्छे संस्थान खुल रहे हैं, हर तीर्थ स्थल का विकास हो रहा है। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है। कानून को ठेंगा दिखाने वालों को ऐसा मजा चखाएंगे कि सात पीढ़ियां याद करेंगी। सीएम ने विकास कार्यों को गिनाया और कहा कि 8-9 साल पहले तक जो पैसा भ्रष्टाचार में खर्च होता था, वह आज विकास में खर्च हो रहा है। 

संत स्वभाव के थे बाबा हरिशंकर दास जी महाराज 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिशंकर दास जी महाराज संत स्वभाव के थे। वह हनुमान जी के परमभक्त और पहलवानी में पारंगत थे। उन्होंने सैकड़ों नौजवानों को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी वाणी में सिद्धि थी। उनका आशीर्वाद इस क्षेत्र में बरस रहा है। भगवान लोधेश्वर महादेव का पवित्र धाम इस जनपद में है। इस जनपद ने हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू को जन्म दिया था। यहां बाबा लोधेश्वर महादेव मंदिर में भव्य कॉरिडोर बनेगा। पैसा दिया जा चुका है, कार्य प्रारंभ होने वाला है। केडी बाबू की हवेली बिक रही थी, लेकिन सरकार ने कहा कि वह बिकेगी नहीं, बल्कि सरकार उसका खर्चा देगी। हवेली में उनका स्मारक बनेगा और यहां खेल की नई एकेडमी बनाएंगे। पीएम मोदी ने यहां के प्रगतिशील किसान रामशरण वर्मा को पद्म पुरस्कार देकर किसानों के परिश्रम व पुरुषार्थ को सम्मानित किया है। 
 
इस अवसर पर खाद्य व रसद मंत्री सतीश चंद शर्मा, प्रभारी मंत्री सुरेश राही, डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, विधायक दिनेश रावत, साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, अंगद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, उप्र अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, कार्यक्रम आयोजक हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत बलराम दास समेत अनेक संत भी मौजूद रहे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Artificial Intelligence Rules : 20 फरवरी से AI नियम सख्त: बिना लेबल AI कंटेंट नहीं चलेगा, डीपफेक तुरंत हटाने का आदेश