मेरठ में जब दूल्हे ने चुनी हाथी की सवारी, देखने उमड़ पड़ी भीड़
बचपन का सपना हुआ साकार, अंकित दूल्हा बनकर हाथी पर बैठा
Publish Date: Sat, 02 May 2026 (16:01 IST)
Updated Date: Sat, 02 May 2026 (17:32 IST)
मेरठ में एक अनोखी और यादगार शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। आमतौर पर शादियों में दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर निकलता है, लेकिन इस बार कुछ अलग देखने को मिला। यहां एक दूल्हा घोड़ी की बजाय हाथी पर सवार होकर अपनी दुल्हन के द्वार पहुंचा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह अनूठी बारात थाना इंचौली क्षेत्र के जमालपुर गांव से निकली। गांव के रहने वाले अंकित ने अपनी शादी में पारंपरिक घुड़चढ़ी को नया अंदाज देते हुए हाथी को चुना। सजे-धजे हाथी पर बैठकर जब अंकित बारात लेकर निकला, तो उसको देखने के लिए गांव और आसपास के इलाकों से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि उन्होंने दशकों बाद ऐसा नजारा देखा है। आमतौर पर राजा-महाराजाओं के किस्सों में ही हाथियों पर सवार बारातों का जिक्र सुनने को मिलता था, लेकिन अंकित ने इस परंपरा को एक बार फिर से मानो जीवंत कर दिया।
दरअसल, अंकित को बचपन से ही हाथियों से खास लगाव था। वह हमेशा से चाहता था कि अपनी शादी में वह हाथी पर सवार होकर दुल्हन के घर पहुंचे। उसके इस सपने को साकार करने में उसके दादा गोपीचंद ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ 23 अप्रैल को यह खास बारात निकाली।
हाथी पर सवार दूल्हे को देखने के लिए सड़क पर लोगों का जमावड़ा लग गया। कई लोग इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। अंकित की यह अनूठी शादी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे बड़े उत्साह से देख और सराह रहे हैं।
Edited By : Chetan Gour