Publish Date: Thu, 04 Feb 2021 (15:23 IST)
Updated Date: Thu, 04 Feb 2021 (15:27 IST)
फिरोजाबाद (उत्तरप्रदेश)। फिरोजाबाद जिले में टुंडला-आगरा रेल खंड पर एत्मादपुर-टुंडला स्टेशन के बीच गुरुवार तड़के खुर्जा से धामपुर जा रही एक मालगाड़ी के इंजन के चालक कैबिन पर 3 अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चलाईं। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के उपनिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि खुर्जा से भाऊपुर जा रही मालगाड़ी नए फ्रेट कॉरिडोर से गुजर रही थी। उसी दौरान सुबह 6 बजकर 14 मिनट पर पोल संख्या 733 के पास नकाबपोश 3 बदमाशों ने मालगाड़ी के ड्राइवर कैबिन पर गोलियां चलाईं।
उन्होंने बताया कि मालगाड़ी चालक मानसिंह मीणा ने तत्काल ब्रेक लगाए और कंट्रोल रूम को सूचना दी जिसके बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुमार ने बताया कि रेलवे पुलिस ने आरपीएफ के साथ मिलकर इस संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है। (भाषा)