रक्षामंत्री राजनाथ बोले- सचिन-सहवाग की जोड़ी की तरह है भाजपा-जदयू गठबंधन...

Webdunia
गुरुवार, 22 अक्टूबर 2020 (07:15 IST)
कहलगांव (बिहार)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की सलामी जोड़ी की तरह ही भाजपा-जदयू का गठबंधन है तथा इस बात पर तो बहस की जा सकती है कि बिहार में गठबंधन सरकार द्वारा कितना विकास किया गया किंतु मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कोई भी भ्रष्टाचार को लेकर उंगली नहीं उठा सकता।

भागलपुर जिले के कहलगांव में एक चुनावी रैली में राजनाथ ने प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद पर प्रहार करते हुए कहा कि लोगों ने इसके 15 साल के कार्यकाल को देखा है तथा उसके कुशासन और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के सुशासन के बीच के अंतर को देखा जा सकता है।
 
राजनाथ ने 28 अक्टूबर से शुरू होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा और जदयू का गठबंधन भारतीय क्रिकेट टीम के सचिन और सहवाग की शुरुआती जोड़ी के रूप में सुपरहिट है।
 
उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने बिजली, सड़क और पानी की बुनियादी सुविधाएं प्रदान की हैं, जिसकी बिहार में दशकों से कमी थी।
 
राजनाथ ने कहा, लोगों ने 'लालटेन' (राजद के चुनाव चिन्ह लालटेन) के 15 साल के शासन को देखा है और उन्होंने भाजपा-जदयू गठबंधन सरकार के दौरान बिहार के विकास को भी देखा है। इन दोनों सरकारों के प्रदर्शन की तुलना नहीं की जा सकती है। राज्य राजग सरकार के कार्यकाल के दौरान बदल गया।
 
राजनाथ ने कहा, लालटेन (राजद का प्रतीक) का युग खत्म हो गया है। यह अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एलईडी बल्ब का युग है।
 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता सुशील मोदी की प्रशंसा करते हुए राजनाथ ने कहा कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कोई आरोप नहीं हैं।
 
उन्होंने ने कहा, मैं यह दावा नहीं कर रहा हूं कि नीतीश कुमार ने बिहार के लिए सब कुछ किया है। इस पर बहस हो सकती है कि क्या उन्होंने पर्याप्त काम किया है या कम काम किया है या अधिक किया जाना चाहिए, लेकिन उनकी ईमानदारी पर कोई बहस नहीं हो सकती है।
 
राजनाथ ने कहा कि कोई भी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नीतीश कुमार पर उंगली नहीं उठा सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं ने न केवल गरीबों और दलितों को सशक्त बनाया बल्कि उनके जीवन स्तर को भी ऊपर उठाया।
 
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने कहा कि पार्टी ने सत्ता में आने के बाद अपने वादों को पूरा किया है। वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास पूर्वी लद्दाख में गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक गतिरोध के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले बिहार रेजिमेंट के सैनिकों का उल्लेख करते हुए राजनाथ ने कहा कि वह उनकी बहादुरी के लिए राज्य के लोगों के प्रति कृतज्ञ हैं।
 
उन्होंने कहा, आप सभी जानते हैं कि गलवान घाटी में क्या हुआ था। यह बिहार रेजीमेंट के सैनिक थे जिन्होंने हमारी मातृभूमि के गौरव को बचाया। उन्होंने अपने जीवन का बलिदान दिया और मै उनके बलिदान के लिए आप सभी के प्रति कृतज्ञ हूं।
 
बिहार विधानसभा की 243 सीट के लिए तीन चरणों 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को मतदान होना है और मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी। राजनाथ का बिहार में विधानसभा चुनाव के तीन चरणों में छह दिनों में कम से कम 18 रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
 
भाजपा-जदयू गठबंधन पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्यूलर तथा बॉलीवुड के सेट डिजाइनर से राजनेता बने मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरा है। उनके मुकाबले में विपक्षी महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और अन्य वामदल शामिल हैं। कुछ अन्य छोटे दल भी चुनाव मैदान में हैं।(भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

कौन थे रजाकार, कैसे सरदार पटेल ने भैरनपल्ली नरसंहार के बाद Operation polo से किया हैदराबाद को भारत में शामिल?

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ में बंजारुमाले गांव में हुआ 100 प्रतिशत मतदान

धीरेंद्र शास्‍त्री के भाई ने फिर किया हंगामा, टोल कर्मचारियों को पीटा

प्रवेश द्वार पर बम है, जयपुर हवाई अड्‍डे को उड़ाने की धमकी

दिल्ली में देशी Spider Man और उसकी Girlfriend का पुलिस ने काटा चालान, बाइक पर झाड़ रहा था होशियारी

बहू को हुआ सास से प्‍यार, पति के साथ नहीं सोने देती है, सास हुई परेशान

UP के डिप्टी सीएम मौर्य बोले, एक और पाकिस्तान बनाने का जहर बो रही है कांग्रेस

धनंजय सिंह को मिली इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत, नहीं लड़ सकेंगे चुनाव

कौन है जेल से 20 दिन की पैरोल पर बाहर आया फलाहारी बाबा, क्‍या था मामला?

कांग्रेस का दावा, 2जी स्पेक्ट्रम मामले में दिखा भाजपा का पाखंड

अगला लेख