Publish Date: Mon, 22 Dec 2025 (14:07 IST)
Updated Date: Mon, 22 Dec 2025 (14:14 IST)
बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय और भरोसेमंद थ्रिलर फ्रेंचाइज़ी दृश्यम एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार है। अजय देवगन स्टारर दृश्यम 3 को लेकर मेकर्स ने आधिकारिक ऐलान कर दिया है कि यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। 2 अक्टूबर को सिर्फ गांधी जयंती के तौर पर जाना जाता है, लेकिन दृश्यम फ्रेंचाइज़ी के चलते यह तारीख दर्शकों के बीच दृश्यम डे के रूप में भी खास पहचान बना चुकी है।
सिर्फ फिल्म नहीं, पॉप कल्चर बन चुकी है दृश्यम
दृश्यम अब महज एक फिल्म सीरीज़ नहीं रही, बल्कि भारतीय सिनेमा की पॉप कल्चर का अहम हिस्सा बन चुकी है। इस फ्रेंचाइज़ी ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल करने के साथ-साथ फैमिली थ्रिलर जैसी शैली को मजबूती दी। पहले और दूसरे पार्ट में दिखाई गई सस्पेंस भरी कहानी, मजबूत पटकथा और आम आदमी के दिमागी खेल ने दर्शकों को कहानी से बांधे रखा। यही वजह है कि हर साल 2 अक्टूबर आते ही सोशल मीडिया पर दृश्यम से जुड़े सीन, डायलॉग और मीम्स छा जाते हैं।
विजय सालगांवकर: एक आम आदमी, असाधारण जज़्बा
विजय सालगांवकर का किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में ज़िंदा है। एक साधारण केबल ऑपरेटर, जो अपने परिवार की रक्षा के लिए कानून, पुलिस और सिस्टम से भिड़ जाता है, वो भी बिना हिंसा के। उसकी ताकत है उसकी सोच, धैर्य और परिवार के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज़्बा। यही वजह है कि विजय सालगांवकर सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि आम आदमी की चुपचाप लड़ने वाली ताकत का प्रतीक बन चुका है।
शूटिंग जोरों पर, इस बार कहानी होगी और गहरी
दृश्यम 3 की शूटिंग इस समय तेजी से चल रही है। फिल्म की शूटिंग कई शहरों और अलग-अलग लोकेशन्स पर की जा रही है। मेकर्स का कहना है कि इस बार कहानी को और ज्यादा इंटेंस, भावनात्मक और बड़े स्केल पर पेश किया जाएगा। दर्शकों को न सिर्फ सस्पेंस, बल्कि कहानी में नए मोड़ और चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिलेंगे।
पूरी ओरिजिनल स्टार कास्ट की वापसी
दृश्यम 3 में एक बार फिर अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर जैसी दमदार स्टार कास्ट नजर आएगी। सालगांवकर परिवार की कहानी इस बार बिल्कुल नए हालात और अप्रत्याशित मोड़ के साथ आगे बढ़ेगी। मेकर्स का दावा है कि इस बार कहानी दर्शकों की उम्मीदों से कहीं आगे जाने वाली है।
क्या फिर सिस्टम को मात दे पाएंगे विजय सालगांवकर?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय सालगांवकर एक बार फिर सिस्टम को चकमा देने में कामयाब होंगे, या इस बार किस्मत उनके सामने ऐसा मोड़ ले आएगी जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। इन सभी सवालों के जवाब मिलेंगे 2 अक्टूबर 2026, यानी दृश्यम डे पर।
फिल्म से जुड़ी अहम जानकारी
दृश्यम 3 को Star Studios प्रस्तुत कर रहा है और यह Panorama Studios का प्रोडक्शन है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा अभिषेक पाठक, आमिल कियान खान और परवेज़ शेख ने लिखी है। इसके निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं। मेकर्स का कहना है कि दृश्यम 3 फैमिली थ्रिलर जॉनर के लिए एक नया बेंचमार्क साबित होगी।
About Writer
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें