Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भावुक किंग चार्ल्स ने कहा, प्यारी ममा, आपने बखूबी जीवन जिया...

हमें फॉलो करें भावुक किंग चार्ल्स ने कहा, प्यारी ममा, आपने बखूबी जीवन जिया...
, शुक्रवार, 9 सितम्बर 2022 (23:26 IST)
लंदन। महारानी एलिजाबेथ के बेटे और उत्तराधिकारी महाराज चार्ल्स तृतीय ने शुक्रवार शाम शोकग्रस्त राष्ट्र के लिए सम्राट के रूप में अपने पहले टेलीविजन संबोधन में कहा कि महारानी ने अपना जीवन बखूबी जिया।
 
उन्होंने अपनी ‘प्यारी ममा’ को उनके ‘प्यार, स्नेह, मार्गदर्शन और मिसाल पेश’ करने के लिए धन्यवाद देते हुए ‘गहरा दुख’ व्यक्त किया। महारानी के निधन के बाद शाही परिवार और राष्ट्र शोक में है।
 
सेवा का संकल्प : 73 वर्षीय सम्राट ने अपने संबोधन में ब्रिटेन, उसके क्षेत्र और राष्ट्रमंडल की वफादारी व समर्पण के साथ सेवा करने का संकल्प लिया। चार्ल्स ने कहा कि महारानी एलिजाबेथ ने जीवन बखूबी जिया, नियति ने अपना काम किया और महारानी के निधन पर मुझे सबसे ज्यादा दुख हुआ। आजीवन सेवा का वह वादा आज मैं एक बार फिर आप सभी से करता हूं।
 
विलियम बने उत्तराधिकारी : चार्ल्स ने अपने संबोधन में अपने बेटे एवं उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम को प्रिंस ऑफ वेल्स और ड्यूक ऑफ कॉर्नवाल भी घोषित किया। उनका यह संबोधन दोपहर में बकिंघम पैलेस के ब्लू ड्रॉइंग रूम में रिकॉर्ड किया गया था। इसे सेंट पॉल कैथेड्रल में एक मिनट के मौन के बाद प्रसारित किया गया।
 
सम्राट चार्ल्स तृतीय और उनकी पत्नी क्वीन कंसोर्ट कैमिला ने लंदन में बकिंघम पैलेस के बाहर एकत्रित भीड़ का अभिवादन किया और प्रधानमंत्री लिज ट्रस के साथ पहली बैठक की। अपनी मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद राजगद्दी संभालने वाले सम्राट चार्ल्स बृहस्पतिवार को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल से लौटे और भावुक भीड़ से अपनी संवेदना व्यक्त की।
 
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नए घर में प्रवेश : तालियों की गड़गड़ाहट और जनता के उत्साह के बीच शाही जोड़े ने बकिंघम पैलेस में अपने नए घर में प्रवेश किया। बकिंघम पैलेस ने कहा कि चार्ल्स को औपचारिक रूप से सेंट जेम्स पैलेस के स्टेट अपार्टमेंट में शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे राज्याभिषेक परिषद में राजा के रूप में घोषित किया जाएगा।
 
राज्याभिषेक समारोह का टेलीविजन प्रसारण : ब्रिटिश इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब राज्याभिषेक समारोह का टेलीविजन पर प्रसारण किया जाएगा। हालांकि, चार्ल्स ने शाही कर्तव्यों का निर्वहन पहले ही शुरू कर दिया है और अपनी पहली औपचारिक बैठक के दौरान नव-नियुक्त प्रधानमंत्री ट्रस के साथ महारानी के अंतिम संस्कार पर चर्चा की। यह बैठक सम्राट के रूप में राष्ट्र के नाम उनके पहले टेलीविजन संबोधन से ठीक पहले हुई।
 
96 तोपों की सलामी : ब्रिटेन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल स्थित आवास पर निधन के एक दिन बाद शुक्रवार को ब्रिटेन में राजकीय शोक जारी है और इस बीच महारानी के आवास के इर्द-गिर्द श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग चुका है।
 
लंदन के बकिंघम पैलेस और बर्कशायर में विंडसर कैसल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसमें कई लोगों ने 70 साल तक राज करने वाली महारानी के निधन पर अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धांजलि दी। महारानी एलिजाबेथ-द्वितीय का 96 साल की उम्र में कल निधन हो गया।
 
लंदन में, किंग्स ट्रूप रॉयल हॉर्स आर्टिलरी और ऑनरेबल आर्टिलरी कंपनी द्वारा लंदन टॉवर और हाइड पार्क से दिवंगत महारानी को श्रद्धांजलि देने के लिए 96 तोपों की सलामी दी गई, जिनमें से प्रत्येक राउंड महारानी के जीवन के एक-एक वर्ष को समर्पित था।
 
चर्च ऑफ इंग्लैंड द्वारा पूरे देश के विभिन्न चर्च को प्रार्थना या विशेष सेवाओं के लिए खोलने को लेकर प्रोत्साहित किए जाने के बाद गिरजाघरों ने घंटियां बजाईं। फुटबॉल और क्रिकेट मैचों सहित प्रमुख खेल आयोजनों को महारानी के सम्मान में स्थगित कर दिया गया है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

PK ने कसा नीतीश पर तंज, कहा- उन्हें तो 'फेविकोल' का ब्रांड एम्बेसेडर होना चाहिए