चीन हमारे देश की जमीन पर घर और सड़क बना रहा, लेकिन PM मोदी चुप हैं, खरगे का कटाक्ष

कहा, उनकी पार्टी देश और संविधान को बचाने के लिए लड़ रही

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शनिवार, 25 मई 2024 (22:24 IST)
Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शिमला में शनिवार को आरोप लगाया कि चीन (China) ने भारत की जमीन का अतिक्रमण (encroachment) कर लिया तथा मकान और सड़कें बना रहा है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) चुप हैं। खरगे ने हिमाचलप्रदेश के रोहड़ू में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया और पूछा कि 56 इंच का सीना कहां है।

ALSO READ: खरगे ने मोदी पर लगाया लोगों को भड़काने का आरोप, उद्धव ने कहा- 4 जून के बाद आएंगे अच्छे दिन
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी देश के लोगों और संविधान को बचाने के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा कि अगर संविधान नहीं बच पाया तो लोकतंत्र और उसके तहत मिले अधिकार छीन लिए जाएंगे। खरगे ने कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बुनियादी ढांचा बनाया जिससे गरीबों को मदद मिली।
 
खरगे ने कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस द्वारा निर्मित सार्वजनिक संपत्तियों को अडाणी-अंबानी को बेच दिया और अब वे कांग्रेस से (उसके शासन के) 55 वर्षों का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम पाई-पाई का हिसाब देंगे, लेकिन पहले मोदी अपने कार्यकाल का हिसाब दें।
 
खरगे ने कहा कि हमने पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई लड़ी और बांग्लादेश को आजादी दिलाई। चीन ने हमारी जमीन का अतिक्रमण कर लिया तथा मकान और सड़कें बना रहा है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी चुप हैं। 56 इंच का सीना कहां है? उन्होंने भाजपा पर हिमाचलप्रदेश में धनबल का इस्तेमाल कर, लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए महाराष्ट्र, मणिपुर, मध्यप्रदेश और गोवा का उदाहरण भी दिया।

ALSO READ: निर्वाचन आयोग ने मल्लिकार्जुन खरगे को लगाई फटकार, वोटिंग आंकड़ों में देरी पर उठाए थे सवाल
 
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा ने विपक्षी नेताओं को डराने और उन पर दबाव बनाने के लिए संघीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का उदाहरण देते हुए, कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि उन्हें भाजपा ने धमकी दी थी और उन्हें इंडिया गठबंधन में शामिल नहीं होने के लिए कहा था और बाद में जब उन्होंने इनकार कर दिया तो उन्हें जेल में डाल दिया गया।
 
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी की हताशा उनके भाषणों में झलक रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे हिंदू-मुस्लिम और जाति विभाजन के बारे में बात करते हैं। भाजपा सामाजिक सद्भाव नहीं चाहती और लोगों को विभाजित कर रही है।
 
खरगे ने कहा कि मोदी कांग्रेस को गाली दे रहे हैं क्योंकि वे राहुल गांधी तथा सोनिया गांधी से डरते हैं और भगवान का नाम लेने से ज्यादा उनका नाम ले रहे हैं। खरगे ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में आई बाढ़ के बाद केंद्र से 10,000 करोड़ रुपए की सहायता मांगी थी, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला।

ALSO READ: मल्लिकार्जुन खरगे का दावा, PM मोदी के लिए अगली सरकार बनाना बहुत मुश्किल
 
शिमला (आरक्षित) संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी के समर्थन में रैली करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेब उत्पादकों को लाभकारी रिटर्न सुनिश्चित करने का वादा किया था। लेकिन उन्होंने आयात शुल्क घटा दिया। खरगे ने आरोप लगाया, मोदी झूठ बोलते हैं। वे कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं।
 
उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्हें 15 लाख रुपए मिले, जो प्रधानमंत्री मोदी ने स्विस बैंकों में जमा काला धन भारत वापस लाकर देने का वादा किया था, क्या 20 करोड़ नौकरियां दी गईं और क्या किसानों की आय दोगुनी हुई। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में बात करते हुए, खरगे ने कहा कि 25 गारंटी के अलावा, न्यूनतम मजदूरी, महिलाओं के लिए एक लाख रुपए, जातिवार गणना और सामाजिक न्याय पर पार्टी का खास ध्यान है।
 
खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक और तेलंगाना में अपने वादे लागू किए हैं और हिमाचलप्रदेश में भी ऐसा ही करेगी, उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे। प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बुलेट ट्रेन की लागत 1 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपए हो गई है और इसका निर्माण अब तक नहीं हुआ है।
 
खरगे ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता में आते ही उनकी पार्टी सरकारी विभागों में 30 लाख रिक्तियां भरेगी, स्टार्ट-अप के लिए युवा रोशनी के तहत 5,000 करोड़ रुपए का कोष बनाया जाएगा, प्रश्नपत्र लीक होने को रोकने के लिए एक नीति बनाई जाएगी, किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और किसानों के अनुकूल आयात-निर्यात नीति लाई जाएगी। उन्होंने जीएसटी मुक्त खेती, किसानों को मुआवजा देने और 30 दिन में फसल बीमा सुनिश्चित करने का भी वादा किया।
 
बाद में शिमला में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खरगे ने विश्वास जताया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केंद्र में नई सरकार बनाएंगे। उन्होंने दावा किया कि बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई, अग्निपथ योजना, किसानों की दयनीय स्थिति और संवैधानिक संस्थानों के दुरुपयोग के कारण लोग भाजपा के खिलाफ हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लांड्री की तरह है जहां दागी लोग साफ हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले दागी नेता अब साफ हो गए हैं और उन्हें बढ़िया पद मिले हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

मेरे बुरे वक्त में आपने मुझे बेपनाह प्यार दिया, राहुल गांधी ने वायनाड के लोगों को लिखी इमोशनल चिट्ठी

बिहार के नवादा में CBI टीम पर हमला, UGC-NET पेपर धांधली की जांच के लिए पहुंची थी

जमानत पर रोक के खिलाफ अरविंद केजरीवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट ने लगाया है स्टे

Indore : 2 ट्रेनों में टुकड़े-टुकड़े मिली महिला की लाश की गुत्थी सुलझी, पुलिस ने किया हैरान करने वाला खुलासा

Ayodhya : क्या हल्की बारिश में ढह गई अयोध्या रेलवे स्टेशन की दीवार? आखिर क्या है सच

अगला लेख