Biodata Maker

डेरा में तलाशी अभियान पूरा, इंटरनेट-रेल सेवा बहाल होगी

Webdunia
रविवार, 10 सितम्बर 2017 (21:51 IST)
सिरसा/चंडीगढ़। हरियाणा के सिरसा में डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के परिसरों में तीन दिनों से चल रहा तलाशी अभियान आज शाम समाप्त हो गया। वहीं, हरियाणा पुलिस ने पंचकूला हिंसा के सिलसिले में डेरा के एक वरिष्ठ सदस्य गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है जबकि डेरा प्रमुख की गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत इंसां को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं। सोमवार से यहां इंटरनेट सेवा के साथ ही रेल सेवा प्रारंभ हो जाएगी।
 
सुरक्षा बलों और विभिन्न सरकारी विभागों ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त के साथ आठ सितंबर को एक समन्वित तलाशी अभियान शुरू किया था। इसमें पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और नागरिक प्रशासन के कर्मियों को शामिल किया गया था। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के एक निर्देश पर इसे शुक्रवार को शुरू किया गया था।
 
हरियाणा सरकार के जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक सतीश मेहरा ने कहा, ‘डेरा में तलाशी अभियान प्रक्रिया आठ सितंबर से शुरू हुई थी और इसकी निगरानी अदालत आयुक्त एकेएस पवार कर रहे थे। तलाशी अभियान आज तक जारी रहा और यह प्रक्रिया अब पूरी हो गई है।’ 
उन्होंने कहा, ‘अभियान सुगम और शांतिपूर्ण रहा।’ डेरा परिसर करीब 800 एकड़ में फैला हुआ है। तलाशी के लिए इसे 10 भागों में बांटा गया था। मेहरा ने कहा, ‘इस अभियान में लगाई टीमों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट अदालत आयुक्त को सौंप दी है, जो अब अपनी रिपोर्ट पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय को सौंपेंगे।’ 
 
तलाशी अभियान में दो गुप्त सुरंगों का पता चला। इनमें से एक सुरंग डेरा प्रमुख के आवास को साध्वियों के हॉस्टल से जोड़ती है जबकि दूसरी सुरंग एक अवैध पटाखा फैक्टरी से जुड़ती है। मेहरा ने इससे पहले बताया था कि अवैध फैक्टरी से एके 47 मैगजीन का एक खाली डिब्बा, 84 कार्टन पटाखें और रसायन, डिजाइनर कपड़े और टोपियां पाई गई हैं।
 
उन्होंने कल बताया था कि एक अन्य फाइबर ग्लास सुरंग का भी सुरक्षा बलों ने पता लगाया है, जो डेरा प्रमुख के निजी आवास से करीब पांच किमी दूर खुलती है। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार को एक अपंजीकृत लग्जरी कार बरामद की गई थी। 
 
पिछले महीने डेरा प्रमुख को बलात्कार के दो मामलों में अदालत द्वारा दोषी करार दिये जाने के बाद पंचकूला में गुरमीत के समर्थकों ने हिंसा की थी, जिसमें 35 लोग मारे गए थे। इसके मद्देनजर तलाशी अभियान शुरू किया गया। गुरमीत को अदालत ने 20 साल की कैद की सजा सुनाई है।
 
इस बीच, चंडीगढ़ में पुलिस ने बताया कि पंचकूला में 25 अगस्त को कथित तौर पर हिंसा भड़काने को लेकर डेरा की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ सदस्य गोविंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद हिंसा की यह घटना हुई थी।
 
पुलिस ने आज बताया कि गोविंद घटना के दिन पंचकूला में हिंसा के केंद्र हैफेड चौक पर मौजूद था। पंचकुला पुलिस आयुक्त एएस चावला ने आज बताया कि ‘हमने उसे जीरकपुर से गिरफ्तार किया है।’ 
 
चावला ने यह भी बताया कि पुलिस डेरा सच्चा सौदा के दो प्रमुख लोगों (हनीप्रीत और आदित्य इंसां) की भी तलाश कर रही है। ‘उम्मीद है उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।’ हरियाणा पुलिस की एक टीम हनीप्रीत की तलाश करने नेपाल से लगे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी भेजी गई थी।
 
पुलिस ने हनीप्रीत और आदित्य के देश छोड़कर भागने की आशंका के चलते उनके खिलाफ एक सितंबर को ‘लुक आउट नोटिस’ जारी किया था। पुलिस के अनुसार ‘हम कई स्थानों पर छापे मार रहे हैं। हमारी टीमें उनका पता लगाने कई इलाकों में गई हैं।’ (भाषा/वेबदुनिया) 

सम्बंधित जानकारी

Donald Trump को भारत के आगे क्यों झुकना पड़ा, क्या है टैरिफ घटाने की वजह, रूस ने कहा- नहीं मिला कोई मैसेज

कराची में धुरंधर के रहमान डकैत का बेटा जिब्रान गिरफ्तार, बाप ल्‍यारी का डॉन था, बेटे के ये थे काले कारनामे

राहुल गांधी दोहरा रवैया दिखाते हैं, India-US Trade Deal से देशवासियों का इंतजार खत्म, बोले पीयूष गोयल

LokSabha : कागज उछालने वाले 8 सांसद निलंबित, हंगामे के बीच कार्यवाही स्थगित, राहुल-प्रियंका का परिसर में प्रदर्शन

Next PM after Modi:नरेंद्र मोदी के बाद पीएम कुर्सी की जंग अब सिर्फ 2 लोगों के बीच

उत्तर भारत में मौसम का डबल अटैक: बारिश, बर्फबारी, शीतलहर और घने कोहरे से हालात खराब

ग्रीनलैंड को लेकर चिंतित हैं वैज्ञानिक, अगर टूटा वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग तो बढ़ेगा जलवायु संकट

भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी से UP को मिलेगी नई उड़ान

LIVE: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद एस जयशंकर की वॉशिंगटन में महत्वपूर्ण मुलाकात

India-US Trade Deal : Donald Trump को भारत के आगे क्यों झुकना पड़ा, क्या है टैरिफ घटाने की वजह, रूस ने कहा- नहीं मिला कोई मैसेज

अगला लेख