कैसे मिलेगा न्याय? अदालतों में 4.82 करोड़ से अधिक मुकदमे लंबित

Webdunia
शुक्रवार, 16 दिसंबर 2022 (20:04 IST)
नई दिल्ली। सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा को बताया कि उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और निचली अदालतों में अभी कुल मिलाकर 4.82 करोड़ से अधिक मामले लंबित हैं तथा पिछले वर्ष की तुलना में 2022 में निचली अदालतों में लंबित मामलों की संख्या में 4.32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
 
लोकसभा में शंकर लालवानी, अरुण कुमार सागर, संगीता आजाद, रंजीता कोली, मनोज राजोरिया, के सुरेश, भारतीबेन डी श्याल, बालक नाथ, गोपाल शेट्टी, गौरव गोगोई, सुमेधानंद सरस्वती, संजय सेठ, हनुमान बेनीवाल, चंद्राणी मुर्मू, डीएम कथीर आनंद और सप्तगिरी शंकर उलाका के प्रश्न के लिखित उत्तर में विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजीजू ने यह जानकारी दी।
 
निचले सदन में रिजीजू द्वारा पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, 31 अक्टूबर 2022 तक उच्चतम न्यायालय में 69,781 मामले लंबित थे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उच्च न्यायालयों में 53,51,284 मामले लंबित हैं जबकि निचली अदालतों में 4,28,26,777 मामले लंबित हैं।
 
इसमें बताया गया है कि अदालतों में लंबित मामलों पर विचार करने पर 2021 की तुलना में इस वर्ष उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों की संख्या में 0.65 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि उच्च न्यायालयों में 0.82 प्रतिशत की वृद्धि तथा निचली अदालतों में 4.32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई हैं।
 
विधि एवं न्याय मंत्री ने कहा कि अदालतों में मामलों के निपटान के संदर्भ में काफी संख्या में कारक जुड़े होते हैं जिसमें न्यायाधीशों एवं न्यायिक अधिकारियों एवं सहायक कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या, भौतिक आधारभूत संरचना, साक्ष्यों की प्रकृति, और हितधारकों का सहयोग जैसे विषय शामिल हैं।
 
उन्होंने कहा कि इसमें अन्य बातों के साथ-साथ न्यायाधीशों के पदों का रिक्त होना, बार-बार स्थगन, सुनवाई के लिए मामलों की निगरानी, खोज और एकत्रण की पर्याप्त व्यवस्था का अभाव शामिल है। मंत्री ने कहा कि इस साल 31 अक्टूबर 2022 तक उच्चतम न्यायालय द्वारा निपटाए गए मामलों की कुल संख्या 29,109 है।
 
रिजीजू ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों पर कोविड-19 महामारी के प्रभाव के असर पर कोई अध्ययन शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लॉकडाउन की घोषणा के बाद स्थानीय स्थितियों के आधार पर आभासी या भौतिक प्रारूप में तत्काल दीवानी और फौजदारी मामलों की सुनवाई के लिए संबंधित उच्च न्यायालयों द्वारा समय-समय पर अपने प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र वाले अधीनस्थ न्यायालयों को कई निर्देश जारी किए गए थे। 
 
उन्होंने कहा कि जमीनी स्थिति के अनुसार, न्यायालयों द्वारा डिजिटल और भौतिक सुनवाई का मिलाजुला स्वरूप अपनाया गया था। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटरीकृत जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों की संख्या बढ़कर 18,735 हो गई है।
 
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने भारतीय दंड संहिता के अधीन पॉक्सो अधिनियम के अधीन लंबित मामलों के शीघ्र निपटान के लिए पूरे देश में 1023 त्वरित निपटान विशेष अदालत की स्थापना के लिये योजना को मंजूरी दी थी।
 
उन्होंने कहा कि अब तब 28 राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों को इस योजना में जोड़ा गया है। मंत्री के जवाब के अनुसार योजना के लिए वित्त वर्ष 2019-20 में 140 करोड़ रुपए जारी किए गए थे तथा वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान इसे बढ़ाकर 160 करोड़ रुपए कर दिया गया।
 
विधि एवं न्याय मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान 134.55 करोड़ रुपए जारी किए गए तथा इस साल अक्टूबर 2022 तक 53.55 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। (भाषा)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

कनाडा में मोदी को खुली धमकी, खालिस्तानियों ने सड़क पर निकाली रैली

नरबलि के लिए सोनम ने की राजा रघुवंशी की हत्या, भाई का आरोप, जताई तंत्र-मंत्र की आशंका

16 साल बाद 16वीं जनगणना, कितना होगा खर्चा, क्या होगी प्रक्रिया, कब होगी शुरुआत, जानें हर सवाल का जवाब

Air India Plane crash का रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो, आग के गोले में से कैसे बाहर निकले विश्वास कुमार

चलती बाइक पर कपल को रोमांस पड़ा महंगा, कटा 53,500 रुपए का चालान

सभी देखें

नवीनतम

साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए केंद्र से 63.60 करोड़ अनुरोध, गृह मंत्री से मिले पुष्कर सिंह धामी

तमिलनाडु में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला का यौन उत्पीड़न, पुलिस ने संदिग्ध को गोली मारकर पकड़ा

भारत में कैसे होती है जनगणना, जानिए Census की पूरी प्रक्रिया

BJP ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा हताशा में कांग्रेस जनगणना 2027 के बारे में झूठा प्रचार कर रही

Whatsapp ने जोड़े 3 नए फीचर, मचा देंगे तहलका

अगला लेख