Publish Date: Mon, 14 Nov 2022 (10:08 IST)
Updated Date: Mon, 14 Nov 2022 (10:12 IST)
बाराबंकी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी ने रविवार को गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में सिर्फ दो राजनीतिक दल हैं, भाजपा और कांग्रेस। कभी तीसरा कोई दल नहीं रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में कांग्रेस अब शून्य है और भाजपा अपनी पूरी ताकत से आ गई है। प्रहलाद मोदी, भाजपा नेता सुमित सिंह के निमंत्रण पर बाराबंकी पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह बात कही थी।
बता दें कि गुजरात में दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को चुनाव होंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश के साथ ही 8 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस पहाड़ी राज्य में 12 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था। प्रह्लाद मोदी ने कहा कि सुमित सिंह के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं और उनके निमंत्रण पर ही वह यहां आए हैं, और उनके आने का कोई अन्य कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को उनकी पसंद का प्रधानमंत्री मिला है और 2024 में भी भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। वह रविवार को अयोध्या भी पहुंचे।
उन्होंने कहा, गुजरात में अरविंद केजरीवाल पूरी ताकत से लगे हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिलने वाली है। गांधीनगर में महानगर पालिका का चुनाव भी आम आदमी पार्टी लड़ चुकी है। लोग कह रहे हैं कि उन्हें चुनाव में उसे सफलता मिलेगी, लेकिन गुजराती मतदाता बेवकूफ नहीं है जो रेवड़ी बाजार में जाकर फंस जाए।
edited by navin rangiyal