Publish Date: Thu, 01 Nov 2018 (08:59 IST)
Updated Date: Thu, 01 Nov 2018 (09:04 IST)
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगुदेशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू 2019 में भाजपा के खिलाफ महागठबंधन खड़ा करने में जोरशोर से जुटे हैं। गुरुवार को वे दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने वाले हैं।
नायडू राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सुप्रीमो शरद पवार, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला और समाजवादी पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा उनका भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा से भी मिलने का कार्यक्रम है। टीडीपी ने एक आधिकारिक बयान में देश के बदलते राजनीतिक हालत में किसी बड़ी घोषणा किए जाने का इशारा किया।
पार्टी ने यह भी कहा कि नायडू बीजेपी के खिलाफ समान विचारधारा वाली पार्टियों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बयान में यह भी कहा गया कि देशहित में नायडू बीजेपी और एनडीए गठबंधन को हराने के लिए अलग-अलग दलों को एकजुट करने का काम करेंगे।
चंद्रबाबू नायडू बीते एक हफ्ते में दूसरी बार दिल्ली दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले बीते शनिवार को नायडू ने दिल्ली पहुंचकर मायावती, शरद यादव और अरविंद केजरीवाल समेत अन्य नेताओं से बैठक की थी।