Publish Date: Sun, 06 Oct 2024 (08:24 IST)
Updated Date: Sun, 06 Oct 2024 (08:34 IST)
weather update : देश में मानसून की विदाई का दौर जारी है। 6 से 15 अक्टूबर के बीच देश के सभी हिस्सों से मानसून की विदाई हो जाएगी। मेघालय, कर्नाटक और तमिलनाडु में कई स्थानों पर बारिश हुई। मेघालय में भूस्खलन की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है।
मेघालय में अचानक आई बाढ़ : मेघालय के दक्षिण गारो हिल्स जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में एक ही परिवार के सात सदस्यों समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों को सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान के लिए तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने गारो हिल्स के पांच जिलों की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को तत्काल अनुग्रह राशि देने का भी आदेश दिया है।
दिल्ली में कैसा है मौसम : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। यहां न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तामपान से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने राजधानी में रविवार को बादल छाए रहने तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, झारखंड, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें