Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड, इन 10 शहरों में घने कोहरे का अलर्ट

Advertiesment
हमें फॉलो करें cold wave

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , सोमवार, 8 दिसंबर 2025 (08:09 IST)
Weather Update 8 December : उत्तर भारत में तापमान के गिरने से देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी राज्यों में अगले 48 घंटों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। जल्द ही राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कोहरे का कहर दिखाई दे सकता है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में भी शीतलहर की संभावना है।
 
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने पर पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि दिसंबर का दूसरा सप्ताह कई राज्यों में सर्दी की तीव्रता को और बढ़ा सकता है।
 
इन शहरों में कोहरे का अलर्ट : मौसम विभाग ने प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, आगरा, टुंडला, चंडीगढ़, दिल्ली, नैनीताल, अमृतसर और शिमला में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इन शहरों में सुबह के समय वाहन चलाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कोहरे के कारण दृश्यता बहुत कम हो जाएगी, जिससे वाहन चलाना जोखिम भरा हो सकता है।
 
कश्मीर में सबसे ठंडा पहलगाम : कश्मीर घाटी में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पहलगाम का तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पुलवामा में माइनस 3.8 डिग्री, गुलमर्ग में माइनस 1.6 डिग्री, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.9 डिग्री, और कुपवाड़ा में माइनस 0.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 8 दिसंबर को उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
 
क्या है राजस्थान का हाल : राजस्थान में अब कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सीकर जिले के फतेहपुर में तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बीकानेर में 5 डिग्री, दौसा में 6 डिग्री, चूरू में 6.3 डिग्री, टोंक में 6.4 डिग्री, और झुंझुनू में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होकर शीतलहर की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है।
 
झारखंड में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम : झारखंड में भी ठंड का असर दिखाई दे रहा है। राज्य के आठ जिलों बोकारो, देवघर, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा और रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। गुमला सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 3.5 डिग्री तक गिर गया। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और 72 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है।
 
तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट : आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मानसून दक्षिणी जिलों में मजबूत हो गया है। इस वजह से तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। तमिलनाडु के कई हिस्सों में 12 दिसंबर तक हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। मछुआरों को 10 दिसंबर तक दक्षिणी तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कुमारी सागर क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए न जाने की सलाह दी गई है।
edited by : Nrapendra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चांसलर मैर्त्स की पहली इजराइल यात्रा, क्या है मुख्य एजेंडा?